Dhurandhar 2 Collection: ‘धुरंधर 2’ का बॉक्स ऑफिस पर जलवा बरकरार, 1100 करोड़ क्लब से बस एक कदम दूर

Dhurandhar 2 बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन कर रही है। 28वें दिन फिल्म ने 4.05 करोड़ कमाए और कुल कलेक्शन 1099.72 करोड़ पहुंच गया। अब यह 1100 करोड़ क्लब में शामिल होने से महज 28 लाख दूर है।
Ranveer Singh film Dhurandhar 2 Day 28 collection 1100 crore club
धुरंधर 2 का बॉक्स ऑफिस कलेक्शन (फोटो-सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Dhurandhar 2 Box Office Collection Day 28: धुरंधर 2 बॉक्स ऑफिस पर लगातार शानदार प्रदर्शन कर रही है। रणवीर सिंह स्टारर यह फिल्म रिलीज के करीब एक महीने बाद भी कमाई के मामले में नई फिल्मों पर भारी पड़ रही है। 19 मार्च को रिलीज हुई इस फिल्म ने शुरुआत से ही रिकॉर्ड तोड़ कमाई की है और चौथे हफ्ते में भी इसकी रफ्तार थमने का नाम नहीं ले रही।

ट्रेड रिपोर्ट्स के अनुसार, फिल्म ने रिलीज के 28वें दिन यानी चौथे बुधवार को भारत में 4.05 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया। इसके साथ ही ‘धुरंधर 2’ का कुल घरेलू बॉक्स ऑफिस कलेक्शन 1099.72 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। यह आंकड़ा अपने आप में ही ऐतिहासिक है, खासकर तब जब फिल्म चौथे हफ्ते में चल रही हो। हालांकि मंगलवार के मुकाबले बुधवार को कलेक्शन में थोड़ी गिरावट दर्ज की गई है, लेकिन इसके बावजूद फिल्म एक बड़े रिकॉर्ड के बेहद करीब पहुंच चुकी है।

1100 करोड़ क्लब में एंट्री तय

अब ‘धुरंधर 2’ को 1100 करोड़ क्लब में शामिल होने के लिए सिर्फ 28 लाख रुपये की जरूरत है। उम्मीद की जा रही है कि फिल्म चौथे गुरुवार को यह आंकड़ा पार कर हिंदी सिनेमा के इतिहास में नया अध्याय जोड़ देगी। अगर ऐसा होता है, तो यह पहली हिंदी फिल्म बन जाएगी जो 1100 करोड़ का आंकड़ा छुएगी, एक ऐसा मुकाम, जहां अब तक बड़े-बड़े सुपरस्टार्स की फिल्में भी नहीं पहुंच पाई हैं।

पहले तीन हफ्तों में शानदार प्रदर्शन

फिल्म ने पहले हफ्ते में 674.17 करोड़ रुपये की कमाई की थी, जो अपने आप में एक बड़ा रिकॉर्ड है। दूसरे हफ्ते में इसने 263.65 करोड़ और तीसरे हफ्ते में 110.60 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया। इन आंकड़ों से साफ है कि फिल्म ने हर हफ्ते मजबूत पकड़ बनाए रखी और दर्शकों का भरोसा जीता। ‘धुरंधर 2’ का निर्देशन आदित्य धर ने किया है, जो पहले भी देशभक्ति और एक्शन से भरपूर फिल्मों के लिए जाने जाते हैं।

धुरंधर 2 के स्टार कास्ट

फिल्म में रणवीर सिंह के अलावा संजय दत्त, अर्जुन रामपाल, आर माधवन और अन्य कलाकारों ने अहम भूमिकाएं निभाई हैं। कुल मिलाकर, ‘धुरंधर 2’ ने बॉक्स ऑफिस पर जो रफ्तार पकड़ी है, वह इसे इतिहास के पन्नों में दर्ज कराने के लिए काफी है। अब सभी की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि फिल्म कब 1100 करोड़ का आंकड़ा पार कर नया रिकॉर्ड बनाएगी।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com