

Daler Mehndi Controversy CM Dhami Statement: मशहूर पंजाबी सिंगर दलेर मेहंदी इन दिनों विवादों के चलते सुर्खियों में हैं। हाल ही में जब वे नवरात्रि के मौके पर उत्तराखंड के कुंजापुरी मेले में परफॉर्म करने पहुंचे थे, तभी उत्तराखंड के मंत्री सुबोध उनियाल ने उनपर कुछ गंभीर आरोप लगाए थे।
उत्तराखंड के मंत्री सुबोध उनियाल के इन आरोपों के बाद से कई बॉलीवुड कलाकार दलेर मेहंदी के समर्थन में सामने आए थे। साथ ही दलेर मेहंदी के छोटे भाई मीका सिंह ने उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी से इस मामले पर अपना राय व्यक्त करने की अपील की थी।
उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी ने अपने ऑफिशियल एक्स के माध्यम से दलेर मेहंदी से बात करने की पुष्टि की है। उन्होंने एक्स पर लिखा कि प्रसिद्ध गायक श्री दलेर मेहंदी जी से फोन पर वार्ता कर उनका कुशलक्षेम जाना। इस दौरान विगत दिनों हुए घटनाक्रम के संबंध में भी चर्चा हुई।
देवभूमि उत्तराखण्ड अतिथि देवो भवः की समृद्ध परंपरा का संवाहक है। हमारी लोकसंस्कृति, आत्मीय आतिथ्य और सौहार्द की भावना ही देवभूमि की विशिष्ट पहचान है। यहां कला, संस्कृति और कलाकारों का सदैव स्वागत एवं सम्मान किया जाता रहा है। हमारा प्रयास है कि इस घटनाक्रम को पीछे छोड़कर आपसी संवाद, सौहार्द और सकारात्मकता की भावना के साथ आगे बढ़ा जाए।
दलेर मेहंदी के छोटे भाई और सिंगर मीका सिंह ने वीडियो जारी कर उनका बचाव किया। मीका ने कहा कि उन्होंने अपने भाई को कभी शराब पीते हुए नहीं देखा। उन्होंने यह भी चुनौती दी कि अगर दलेर मेहंदी के साथ काम कर चुका कोई व्यक्ति उन्हें शराब पीते हुए देखने की बात कह दे, तो वह खुद सिंगिंग छोड़ देंगे।
उत्तराखंड सरकार में वन, भाषा, विधायी एवं संसदीय कार्य मंत्री सुबोध उनियाल ने दावा किया था कि नवरात्रि के एक कार्यक्रम में दलेर मेहंदी को 35 लाख रुपये देने के बावजूद उन्होंने लाइव गाने के बजाय लिप-सिंक किया। उनके अनुसार, दलेर मेहंदी को इसलिए आमंत्रित किया गया था, क्योंकि वह संगीत जगत का जाना-पहचाना नाम हैं।