करिश्मा कपूर के साथ पहली फिल्म में छा गए थे वेंकटेश दग्गुबाती, एक सीन ने दिला दी थी जबरदस्त पहचान

Daggubati Venkatesh Career: वेंकटेश दग्गुबाती ने बचपन में प्रेम नगर से अभिनय शुरू किया। उन्होंने कलियुगा पंडावुलु, बॉब्बिली राजा, दृश्यम जैसी हिट फिल्मों से सफलता हासिल की और कई फिल्मफेयर अवॉर्ड जीते।
Venkatesh Daggubati made a splash in his first film with Karisma Kapoor
वेंकटेश दग्गुबाती (सोर्स- सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Daggubati Venkatesh Birthday Special: साउथ इंडस्ट्री के सुपरस्टार और हिंदी फिल्मों में भी अपनी खास पहचान बनाने वाले वेंकटेश दग्गुबाती आज अपना 65वां जन्मदिन मना रहे हैं। 13 दिसंबर 1960 को आंध्र प्रदेश में जन्मे वेंकटेश बचपन से ही फिल्मों की दुनिया से जुड़े रहे। उन्होंने अभिनय की शुरुआत चाइल्ड आर्टिस्ट के रूप में फिल्म ‘प्रेम नगर’ से की थी। इसके बाद उन्होंने अपने करियर में एक से बढ़कर एक हिट फिल्में दीं और दर्शकों के बीच ‘विक्ट्री वेंकटेश’ के नाम से मशहूर हो गए।

वेंकटेश का हिंदी फिल्म इंडस्ट्री में कदम भी यादगार रहा। करिश्मा कपूर के साथ उनकी पहली फिल्म ‘अनाड़ी’ ने उन्हें बॉलीवुड दर्शकों के बीच फौरन लोकप्रिय बना दिया। इस फिल्म में वेंकटेश एक भोले-भाले, मासूम और शादी-बियाह से अनजान युवक की भूमिका में नजर आए थे। कहानी में एक दिलचस्प मोड़ तब आता है जब करिश्मा कपूर के कहने पर वेंकटेश उनकी मांग भर देते हैं और मंगलसूत्र पहना देते हैं। यह दृश्य फिल्म की पहचान बन गया और वेंकटेश की मासूमियत दर्शकों के दिलों में उतर गई।

वेंकटेश दग्गुबाती का करियर

अभिनय की बात करें तो वेंकटेश 80 से अधिक फिल्मों में काम कर चुके हैं और अपनी परफॉर्मेंस के लिए पांच फिल्मफेयर अवॉर्ड और सात नंदी पुरस्कार जीत चुके हैं। तेलुगू सिनेमा में उनकी पहली बड़ी सफलता 1986 की फिल्म ‘कलियुगा पंडावुलु’ थी, जिसके लिए उन्हें नंदी पुरस्कार भी मिला। इसके बाद उन्होंने ‘बॉब्बिली राजा’, ‘छंटी बाबू’, ‘पेल्ली चूपुलु’, ‘दृश्यम’ जैसी कई ब्लॉकबस्टर फिल्मों से अपनी सफलता का परचम लहराया।

वेंकटेश दग्गुबाती की निजी जिंदगी

वेंकटेश की निजी जिंदगी भी दिलचस्प रही है। मशहूर एक्टर अक्किनेनी नागार्जुन, वेंकटेश दग्गुबाती के रिश्तेदार है। नागार्जुन ने 1984 में वेंकटेश की बहन लक्ष्मी से शादी की थी, जिसके चलते दोनों के बीच जीजा-साले का रिश्ता बना। हालांकि बाद में यह शादी टूट गई, लेकिन पारिवारिक संबंध हमेशा चर्चा में रहे। पढ़ाई के मामले में भी वेंकटेश काफी मजबूत रहे हैं।

वेंकटेश दग्गुबाती की पढ़ाई

वेंकटेश ने चेन्नई के लॉयोला कॉलेज से ग्रेजुएशन किया और उसके बाद अमेरिका के मोनेटरी इंडीटूट ऑफ इंटरनेशनल स्टडीज Studies से मास्टर्स की डिग्री हासिल की। उनके पिता डॉ. रामानायडू दग्गुबाती फिल्म निर्माता और पूर्व सांसद थे, जिनका प्रभाव वेंकटेश के करियर पर भी दिखता है। 65 की उम्र में भी वेंकटेश फिल्मों में सक्रिय हैं। उनका सफर आज भी प्रेरणा बना हुआ है।