शिवाजी महाराज की जयंती पर सितारों ने शेयर किए संदेश, रितेश देशमुख बोले- युवाओं को जानना चाहिए उनका बलिदान

Bollywood Celebs Tribute Shiv Jayanti: छत्रपति शिवाजी महाराज की जयंती पर रितेश देशमुख समेत कई सितारों ने श्रद्धांजलि दी। कलाकारों ने युवाओं से उनके साहस और बलिदान से प्रेरणा लेने की अपील की।
chhatrapati shivaji maharaj jayanti riteish deshmukh wishes
शिवाजी महाराज की जयंती पर सितारों का खास संदेश (इमेज-सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Chhatrapati Shivaji Maharaj Jayanti Tribute: आज देशभर में छत्रपति शिवाजी महाराज की जयंती श्रद्धा और गर्व के साथ मनाई जा रही है। 19 फरवरी 1630 को शिवनेरी दुर्ग में जन्मे शिवाजी महाराज ने उस दौर में स्वराज का सपना देखा, जब भारत का बड़ा हिस्सा विदेशी सत्ता के अधीन था। उनके साहस, दूरदर्शिता और अद्भुत युद्धनीति ने इतिहास की दिशा बदल दी। जयंती के अवसर पर फिल्म और टीवी जगत के कई कलाकारों ने उन्हें नमन किया और युवाओं से उनके आदर्शों को अपनाने की अपील की।

बॉलीवुड अभिनेता रितेश देशमुख ने शिव जयंती पर शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मैं शिव जयंती के मौके पर भगवान शिव के सभी भक्तों को अपनी शुभकामनाएं देता हूं। छत्रपति शिवाजी महाराज हमें हमेशा प्रेरित करते हैं और नई ऊर्जा देते हैं। युवाओं को देश के लिए उनके दिए गए अलग-अलग बलिदानों के बारे में पता होना चाहिए। हम सभी को अच्छा इंसान बनने की कोशिश करनी चाहिए। रितेश के इस संदेश को सोशल मीडिया पर काफी सराहा जा रहा है।

उर्मिला मातोंडकर और शिव ठाकरे का पोस्ट

अभिनेत्री उर्मिला मातोंडकर ने भी एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर शिवाजी महाराज का पोस्टर साझा कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। उन्होंने उनके शौर्य और स्वाभिमान को याद करते हुए मराठी अस्मिता पर गर्व जताया। वहीं टीवी रियलिटी स्टार शिव ठाकरे ने भी फैंस को शिव जयंती की बधाई दी। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि शिव जयंती के अवसर पर हार्दिक शुभकामनाएं।

विक्की कौशल और अजय देवगन का पोस्ट

बॉलीवुड एक्टर विक्की कौशल ने इंस्टाग्राम पर फैंस को छत्रपति शिवाजी महाराज की जयंती की बधाई दी। अजय देवगन ने एक्स पर शिवाजी महाराज की जयंती की बधाई दी। उन्होंने लिखा कि शौर्य, स्वाभिमान और स्वराज्य का प्रतीक। छत्रपति शिवाजी महाराज को उनकी जयंती पर शत् शत् नमन। शिवरायांचा विजय असो।

शिवाजी महाराज का जीवन

इतिहास के पन्नों में दर्ज है कि शिवाजी महाराज की माता राजमाता जीजाबाई ने बचपन से ही उनमें धर्म, नीति और स्वाभिमान के संस्कार डाले। उनके पिता शाहजी भोसले एक वीर योद्धा थे। किशोर अवस्था में ही शिवाजी ने मराठा शक्ति की नींव रखी और ‘गनिमी कावा’ यानी गुरिल्ला युद्धनीति से बड़े-बड़े साम्राज्यों को चुनौती दी। 1674 में रायगढ़ किले पर उनका भव्य राज्याभिषेक हुआ और वे औपचारिक रूप से ‘छत्रपति’ बने। आज भी शिवाजी महाराज का जीवन साहस, नेतृत्व और राष्ट्रभक्ति की मिसाल है।

Navbharat Live
navbharatlive.com