अजित पवार की मौत से शोक की लहर, बॉलीवुड में पसरा मातम, रितेश देशमुख के शब्दों में भावनाओं का दर्द

Ajit Pawar death: महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री अजित पवार का निधन हो गया है। बारामती की यात्रा के दौरान उनके निजी विमान में तकनीकी खराबी के कारण क्रैश लैंडिंग हुई, जिसके तुरंत बाद विमान में आग लग गई।
Ajit Pawar death news Ritesh Deshmukh post Bollywood reaction news
महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री अजित पवार का निधन (फोटो क्रेडिट- सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Riteish Deshmukh Reaction: एनसीपी नेता और महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार का विमान हादसे में निधन हो गया है। इस घटना से राजनीति गलियारे से लेकर बॉलीवुड तक में शोक की लहर दौड़ पड़ी है। हर कोई घटना को पीड़ादायक और हृदयविदारक बता रहा है। अब बॉलीवुड सेलेब्स ने घटना पर शोक व्यक्त किया है। पवन कल्याण और रितेश देशमुख समेत कई सेलेब्स ने घटना पर दुख जताया है।

बॉलीवुड एक्टर रितेश देशमुख ने सोशल मीडिया पर दुख जाहिर करते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि यह जानकर गहरा सदमा लगा और दिल टूट गया है कि अजित दादा का एक दुखद हादसे में निधन हो गया है। महाराष्ट्र के सबसे ऊर्जावान नेताओं में से एक, वे काम में लापरवाही बिल्कुल बर्दाश्त नहीं करते थे और अपने आसपास के लोगों को हमेशा उत्कृष्टता हासिल करने के लिए प्रेरित करते थे।

रितेश देशमुख ने कही ये बात

रितेश देशमुख ने आगे लिखा कि वे अपनी बात कहने में कभी संकोच नहीं करते थे, उनकी हाजिरजवाबी बेजोड़ थी, और पूरे राज्य में उन्हें बेहद प्यार मिलता था। उनके असामयिक निधन से एक बहुत बड़ी क्षति हुई है और एक अपूरणीय रिक्ति रह गई है। मुझे उनसे कई बार मिलने का सौभाग्य प्राप्त हुआ था और मैं उनके द्वारा मुझ पर बरसाई गई दयालुता को हमेशा याद रखूंगा। पवार परिवार, उनके प्रियजनों और लाखों समर्थकों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं।

मधुर भंडारकर का पोस्ट

वहीं भारतीय फिल्म निर्देशक, पटकथा लेखक और निर्माता मधुर भंडारकर ने लिखा कि अजित पवार के असामयिक निधन से गहरा सदमा और दुख हुआ है। राज्य की राजनीति में एक महान व्यक्तित्व, उनका जाना अपूरणीय है। इस बेहद कठिन समय में मेरी संवेदनाएं सुनेत्रा जी, पार्थ, जय और पूरे पवार परिवार के साथ हैं। उन्हें शक्ति मिले। वहीं अजय देवगन ने भी दुख व्यक्त करते हुए लिखा कि उपमुख्यमंत्री अजित पवार के दुखद निधन से मैं स्तब्ध और दुखी हूं। उनके परिवार, प्रियजनों और इस अपार क्षति से प्रभावित सभी लोगों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदनाएं।

पवन कल्याण ने घटना पर व्यक्त किया दुख

साउथ सुपरस्टार पवन कल्याण ने भी घटना पर दुख व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री, महा एनसीपी के अध्यक्ष और एनडीए गठबंधन के नेता अजित दादा पवार के आज एक भीषण विमान दुर्घटना में निधन की दुखद खबर से मैं अत्यंत स्तब्ध हूं। महाराष्ट्र की जनता के कल्याण और विकास के लिए उनके समर्पित जनसेवा और अमूल्य योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा और जनता के प्रति उनकी अटूट प्रतिबद्धता को हमेशा सम्मान के साथ याद किया जाएगा।

लव सिन्हा ने जताया दुख

शत्रुघ्न सिन्हा के बेटे और अभिनेता लव सिन्हा ने भी घटना पर दुख जताया है। उन्होंने लिखा कि अजित सर के असामयिक निधन की खबर सुनकर मुझे गहरा सदमा लगा है और मैं बहुत दुखी हूं। ईश्वर पार्थ और उनके परिवार को इस अपूरणीय क्षति को सहने की शक्ति प्रदान करें। उनका राजनीतिक सफर कई ऐसे क्षणों से भरा था जिन्होंने महाराष्ट्र की राजनीति की दिशा बदल दी।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com