Celina Jaitly Post: बेटे की कब्र पर पहुंचीं सेलिना जेटली, छलका मां का दर्द, बोलीं- मम्मी का दिल टूट गया है

Celina Jaitly Son Shamsher: सेलिना जेटली ने अपने दिवंगत बेटे शमशेर के जन्मदिन पर उसे याद करते हुए भावुक पोस्ट शेयर की। अभिनेत्री ने बेटे को खोने का दर्द बयां करते हुए लिखा कि उनका दिल टूट गया है।
Celina Jaitly Emotional Post Son Shamsher
सेलीना जेटली(फोटो सोर्स-सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Celina Jaitly Emotional Post: अभिनेत्री सेलिना जेटली ने अपने दिवंगत बेटे शमशेर को उसके जन्मदिन पर याद करते हुए एक बेहद भावुक पोस्ट साझा की है। बेटे को खोने का दर्द आज भी सेलीना के दिल में ताजा है। उन्होंने सोशल मीडिया पर शमशेर के साथ जुड़ी यादों को साझा करते हुए बताया कि एक मां के लिए अपने बच्चे से दूर होना कितना मुश्किल होता है। उनका इमोशनल नोट पढ़कर फैंस भी भावुक हो गए।

सेलिना जेटली ने साल 2017 में जुड़वा बच्चों को जन्म दिया था। इनमें से एक बेटे का नाम शमशेर था। जन्म के कुछ ही दिनों बाद गंभीर दिल की बीमारी के चलते उसका निधन हो गया। शमशेर हाइपोप्लास्टिक लेफ्ट हार्ट सिंड्रोम से जूझ रहा था। बेहद कम उम्र में बेटे को खोने के बावजूद सेलीना लगातार उसकी यादों को अपने दिल में संजोए हुए हैं।

बेटे के जन्मदिन पर लिखा इमोशनल नोट

शुक्रवार को शमशेर के जन्मदिन पर सेलीना ने उसे याद करते हुए एक पोस्ट साझा की। उन्होंने लिखा कि उनकी सबसे बड़ी इच्छा है कि जब उनका जीवन खत्म हो, तो उनका अंतिम संस्कार भारत में हो और उनकी अस्थियों को ऑस्ट्रिया में उनके बेटे शमशेर के साथ समाधि दी जाए। अभिनेत्री ने कहा कि एक मां की यही तमन्ना होती है कि वह उस बच्चे के करीब रहे, जिसे वह लंबे समय तक अपनी गोद में नहीं रख सकी।

मम्मी का दिल टूट गया है, लेकिन मम्मी मजबूत हैं

सेलीना ने अपने बेटे को याद करते हुए लिखा कि उन्होंने ऑस्ट्रिया में रहते हुए एक वीडियो रिकॉर्ड किया था, क्योंकि उन्हें नहीं पता था कि वह शमशेर से दोबारा कब मिल पाएंगी। उन्होंने आगे लिखा कि उनका दिल टूट गया है, लेकिन वह मजबूत हैं। वह अपने बाकी बच्चों के लिए जीती रहेंगी और आगे बढ़ती रहेंगी।

Celina Jaitly Emotional Post Son Shamsher
रवि किशन के फेमस डायलॉग्स पर बना गाना हुआ रिलीज, मनी फॉलो माय ब्रदर में सुनाई दी अभिनेता की आवाज

शमशेर की यादों को हमेशा साथ रखेंगी

सेलिना जेटली ने बताया कि शमशेर का जन्म उनके दूसरे बेटे अर्थू के साथ हुआ था। उन्होंने लिखा कि शमशेर बहुत जल्द दुनिया से चला गया, लेकिन उसने उन्हें कभी नहीं छोड़ा। अभिनेत्री ने अपने बेटे की यादों और उसके भाई अर्थू के साथ उसके जुड़ाव का भी जिक्र किया। उन्होंने विश्वास जताया कि शमशेर आज भी अपने भाई पर नजर रख रहा है।

गौरतलब है कि नवंबर 2025 में सेलिना जेटली ने मुंबई की अंधेरी कोर्ट में अपने पति पीटर हाग से तलाक के लिए अर्जी दी थी। रिपोर्ट्स के मुताबिक, उन्होंने घरेलू हिंसा और दुर्व्यवहार का हवाला दिया था। सेलीना और पीटर ने 2010 में शादी की थी और उनके बच्चे हैं।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com