

Box Office Collection: इन दिनों बॉक्स ऑफिस पर कई फिल्मों के बीच जबरदस्त मुकाबला देखने को मिल रहा है। हालांकि इस रेस में पेद्दी सबसे आगे नजर आ रही है। राम चरण और जाह्नवी कपूर स्टारर यह फिल्म लगातार शानदार प्रदर्शन कर रही है और अब 200 करोड़ रुपये का आंकड़ा भी पार कर चुकी है। शनिवार को फिल्म ने 5.60 करोड़ रुपये का कलेक्शन दर्ज किया। इसके साथ ही घरेलू बॉक्स ऑफिस पर फिल्म की कुल कमाई 204.30 करोड़ रुपये तक पहुंच गई है।
फिल्म की सफलता का सबसे बड़ा कारण इसकी कहानी, स्टारकास्ट और दमदार प्रस्तुतिकरण को माना जा रहा है। राम चरण के अभिनय को दर्शकों और समीक्षकों दोनों से सराहना मिली है। वहीं जान्हवी कपूर की मौजूदगी ने भी फिल्म को चर्चा में बनाए रखा है। बॉक्स ऑफिस पर लगातार अच्छी कमाई कर रही ‘पेद्दी’ इस साल की सबसे सफल फिल्मों में अपनी जगह मजबूत करती नजर आ रही है।
है जवानी तो इश्क होना है भी दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींचने में सफल रही है। वरुण धवन, मृणाल ठाकुर और पूजा हेगड़े स्टारर इस रोमांटिक एंटरटेनर ने शनिवार को 1.36 करोड़ रुपये की कमाई की। फिल्म का कुल बॉक्स ऑफिस कलेक्शन अब 40.06 करोड़ रुपये हो चुका है। हालांकि इसकी कमाई ‘पेद्दी’ के मुकाबले काफी कम है, लेकिन फिल्म स्थिर प्रदर्शन करती दिखाई दे रही है।
वहीं बंदर बॉक्स ऑफिस पर संघर्ष करती नजर आ रही है। बॉबी देओल अभिनीत यह फिल्म 5 जून को रिलीज हुई थी, लेकिन दर्शकों को प्रभावित करने में सफल नहीं रही। फिल्म ने शुक्रवार को केवल 9 लाख रुपये का कारोबार किया था। शनिवार के आंकड़े अभी सामने नहीं आए हैं, लेकिन अब तक इसका कुल कलेक्शन 3.73 करोड़ रुपये ही रहा है। यह आंकड़ा फिल्म की कमजोर बॉक्स ऑफिस पकड़ को दर्शाता है।
जहां ‘पेद्दी’ रिकॉर्डतोड़ कमाई के साथ सफलता के नए झंडे गाड़ रही है, वहीं ‘है जवानी तो इश्क होना है’ संतुलित प्रदर्शन कर रही है। दूसरी ओर ‘बंदर’ दर्शकों की कमी के कारण बॉक्स ऑफिस पर संघर्ष करती नजर आ रही है। आने वाले दिनों में इन फिल्मों के कलेक्शन पर सभी की नजरें बनी रहेंगी।