Peddi के सामने फीकी पड़ी ‘है जवानी तो इश्क होना है’ और ‘बंदर’ की चमक, जानें 7वें दिन की कमाई

Box Office Collection: पेद्दी बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन करते हुए 187.25 करोड़ रुपये तक पहुंच गई है और 200 करोड़ क्लब के करीब है। वहीं है जवानी तो इश्क होना है और बंदर की कमाई में गिरावट आई है।
Box Office Collection of Peddi Hai Jawani To Ishq Hona Hai Bandar
पेद्दी, है जवानी तो इश्क होना है और बंदर की कमाई (फोटो- सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Box Office Collection Report: सिनेमाघरों में इन दिनों साउथ सिनेमा का दबदबा देखने को मिल रहा है। जहां एक ओर राम चरण और जान्हवी कपूर स्टारर फिल्म ‘पेद्दी’ लगातार शानदार प्रदर्शन कर रही है, वहीं बॉलीवुड की नई रिलीज फिल्में ‘है जवानी तो इश्क होना है’ और ‘बंदर’ बॉक्स ऑफिस पर संघर्ष करती नजर आ रही हैं। बुधवार को आए शुरुआती आंकड़ों के मुताबिक ‘पेद्दी’ 200 करोड़ रुपये के क्लब में शामिल होने के बेहद करीब पहुंच गई है।

राम चरण की फिल्म ‘पेद्दी’ दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींचने में सफल रही है। फिल्म ने रिलीज के सातवें दिन 7.55 करोड़ रुपये का कारोबार किया। हालांकि यह आंकड़ा छठे दिन के 9.70 करोड़ रुपये के कलेक्शन से थोड़ा कम है, लेकिन फिल्म की पकड़ अभी भी मजबूत बनी हुई है। इसी के साथ ‘पेद्दी’ का कुल घरेलू बॉक्स ऑफिस कलेक्शन 187.25 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। फिल्म को दर्शकों और समीक्षकों दोनों का अच्छा समर्थन मिल रहा है, जिसके चलते आने वाले दिनों में इसके 200 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार करने की पूरी संभावना है।

है जवानी तो इश्क होना है की कमाई में गिरावट

वरुण धवन, मृणाल ठाकुर और पूजा हेगड़े अभिनीत रोमांटिक-कॉमेडी फिल्म ‘है जवानी तो इश्क होना है’ की शुरुआत भले ही अच्छी रही हो, लेकिन अब इसकी कमाई में लगातार गिरावट देखने को मिल रही है। फिल्म ने रिलीज के छठे दिन 2.80 करोड़ रुपये का कारोबार किया, जबकि पांचवें दिन इसका कलेक्शन 3.50 करोड़ रुपये था। अब तक फिल्म कुल 34.15 करोड़ रुपये की कमाई कर चुकी है। डेविड धवन के निर्देशन में बनी इस फिल्म में मनीष पॉल, मौनी रॉय, जॉनी लीवर और राजपाल यादव जैसे कलाकार भी अहम भूमिकाओं में नजर आ रहे हैं।

बंदर के लिए मुश्किल बना बॉक्स ऑफिस

बॉबी देओल और अनुराग कश्यप की फिल्म ‘बंदर’ की स्थिति बॉक्स ऑफिस पर लगातार कमजोर बनी हुई है। फिल्म ने छठे दिन केवल 25 लाख रुपये का कारोबार किया, जबकि पांचवें दिन इसकी कमाई 40 लाख रुपये रही थी। अब तक फिल्म का कुल कलेक्शन महज 3.40 करोड़ रुपये तक पहुंच पाया है। फिल्म में सबा आजाद, सपना पब्बी और सान्या मल्होत्रा भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में हैं, लेकिन यह स्टारकास्ट भी दर्शकों को सिनेमाघरों तक लाने में सफल नहीं हो सकी है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com