

Box Office Collection Report: सिनेमाघरों में इन दिनों अलग-अलग जॉनर की कई फिल्में दर्शकों का मनोरंजन कर रही हैं। इनमें क्राइम थ्रिलर 'मिर्जापुर: द मूवी' और भक्ति पर आधारित 'हनुमान अंश' बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन कर रही हैं। दोनों फिल्मों की कमाई लगातार मजबूत बनी हुई है। वहीं दूसरी तरफ यश की बड़े बजट की फिल्म 'टॉक्सिक' का बॉक्स ऑफिस पर प्रदर्शन बेहद कमजोर नजर आ रहा है। आइए जानते हैं बुधवार को इन फिल्मों ने कितनी कमाई की।
'मिर्जापुर: द मूवी' ने रिलीज के साथ ही बॉक्स ऑफिस पर अच्छी पकड़ बना ली थी। रिलीज के पांचवें दिन यानी मंगलवार को फिल्म ने 15.60 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया था। अब सैकनिल्क की अर्ली ट्रेंड रिपोर्ट के मुताबिक, ‘मिर्जापुर: द मूवी’ ने रिलीज के छठे दिन यानी बुधवार को करीब 11.80 करोड़ रुपये कमाए। इसके साथ ही फिल्म का भारत में 6 दिनों का कुल नेट कलेक्शन बढ़कर 137.15 करोड़ रुपये हो गया है।
पौराणिक कहानी पर आधारित ‘हनुमान अंश’ का बॉक्स ऑफिस प्रदर्शन लगातार चौंका रहा है। फिल्म पांचवें हफ्ते में पहुंचने के बावजूद मजबूत कमाई कर रही है। मंगलवार को फिल्म ने 10.75 करोड़ रुपये का कारोबार किया था। वहीं बुधवार यानी रिलीज के 34वें दिन फिल्म ने करीब 10 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया। इसके साथ ही फिल्म की भारत में कुल नेट कमाई 152.88 करोड़ रुपये पहुंच गई है। फिल्म ने 150 करोड़ का आंकड़ा पार कर लिया है।
यश की 'टॉक्सिक' से मेकर्स को काफी उम्मीदें थीं, लेकिन रिलीज के तीसरे हफ्ते तक आते-आते फिल्म की कमाई में भारी गिरावट देखने को मिल रही है। रिलीज के 14वें दिन यानी मंगलवार को फिल्म ने सिर्फ 73 लाख रुपये कमाए थे। सैकनिल्क की अर्ली ट्रेंड रिपोर्ट के अनुसार, रिलीज के 15वें दिन यानी बुधवार को 'टॉक्सिक' का कलेक्शन महज 22 लाख रुपये रहा। इसके साथ फिल्म की भारत में 15 दिनों की कुल नेट कमाई 247.45 करोड़ रुपये हो गई है।
रवि तेजा की 'इरुमुडी' भी बॉक्स ऑफिस पर अपनी पकड़ बनाए हुए है। फिल्म ने रिलीज के 19वें दिन यानी मंगलवार को 2.25 करोड़ रुपये कमाए थे। वहीं तीसरे बुधवार को फिल्म ने करीब 1.90 करोड़ रुपये का कारोबार किया। इसके साथ 'इरुमुडी' की भारत में कुल नेट कमाई 172.85 करोड़ रुपये हो गई है। बुधवार के आंकड़ों से साफ है कि जहां कुछ फिल्में बॉक्स ऑफिस पर संघर्ष कर रही हैं, वहीं 'मिर्जापुर: द मूवी' और 'हनुमान अंश' दर्शकों की पसंद बनी हुई हैं।