Border 2 Collection: तीसरे हफ्ते में भी कायम सनी देओल की बॉर्डर 2 का दबदबा, 15वें दिन की करोड़ों की कमाई

Border 2 Earnings: सनी देओल की बॉर्डर 2 तीसरे हफ्ते में भी बॉक्स ऑफिस पर मजबूती से टिकी हुई है। फिल्म ने 15वें दिन करीब 2.85 करोड़ की कमाई की। 15 दिनों में नेट कलेक्शन 297 करोड़ के पार पहुंच चुका है।
Border 2 box office collection day 15 earnings Sunny Deol Border 2 vs Saiyaara
बॉर्डर 2 का बॉक्स ऑफिस कलेक्शन (इमेज-सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Border 2 Box Office Day 15: अनुराग सिंह के निर्देशन में बनी वॉर ड्रामा फिल्म ‘बॉर्डर 2’ बॉक्स ऑफिस पर लगातार मजबूती से टिकी हुई है। 23 जनवरी को रिलीज हुई सनी देओल स्टारर यह फिल्म साल 2026 की सबसे बड़ी और चर्चित फिल्मों में से एक बन चुकी है। भले ही दूसरे हफ्ते के बाद इसकी कमाई में गिरावट देखने को मिली हो, लेकिन इसके बावजूद फिल्म की पकड़ दर्शकों पर बनी हुई है और यह लगातार बड़े रिकॉर्ड्स की ओर बढ़ रही है।

रिलीज के 15वें दिन यानी तीसरे शुक्रवार को ‘बॉर्डर 2’ ने लगभग 2.85 करोड़ रुपये की कमाई की है। यह अब तक का सबसे कम सिंगल-डे कलेक्शन जरूर है, लेकिन किसी भी बड़ी फिल्म के लिए तीसरे हफ्ते में यह आंकड़ा कमजोर नहीं माना जाता। ट्रेड रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म ने 15 दिनों में करीब 297.25 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन कर लिया है। वहीं मेकर्स के आंकड़ों के अनुसार, फिल्म की कुल कमाई 325 करोड़ रुपये के पार पहुंच चुकी है।

पहले हफ्ते में किया था धमाका

फिल्म ने रिलीज के साथ ही बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त शुरुआत की थी। पहले दिन करीब 30 करोड़ रुपये की ओपनिंग के बाद ‘बॉर्डर 2’ ने पहले हफ्ते में ही 220 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई कर डाली थी। देशभक्ति और युद्ध पर आधारित दमदार कहानी ने दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींचा। दूसरे हफ्ते में कलेक्शन में करीब 68 प्रतिशत की गिरावट आई, फिर भी फिल्म ने उस दौरान भी 70 करोड़ रुपये से ज्यादा का कारोबार किया।

‘सैयारा’ का रिकॉर्ड खतरे में

अब सबकी नजर इस बात पर टिकी है कि क्या ‘बॉर्डर 2’ अहान पांडे और अनित पड्डा स्टारर ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘सैयारा’ का लाइफटाइम कलेक्शन तोड़ पाएगी या नहीं। ‘सैयारा’ का कुल बॉक्स ऑफिस कलेक्शन 337.78 करोड़ रुपये रहा था। मौजूदा रफ्तार को देखते हुए माना जा रहा है कि तीसरे वीकेंड तक ‘बॉर्डर 2’ इस रिकॉर्ड को पार कर सकती है।

कहानी और स्टार कास्ट

‘बॉर्डर 2’ की कहानी 1971 के भारत-पाकिस्तान युद्ध पर आधारित है, जिसमें देशभक्ति, बलिदान और जज्बे को बड़े पैमाने पर दिखाया गया है। फिल्म में सनी देओल, वरुण धवन, दिलजीत दोसांझ, अहान शेट्टी, मोना सिंह, सोनम बाजवा और मेधा राणा अहम भूमिकाओं में नजर आ रहे हैं। मजबूत स्टार कास्ट, दमदार एक्शन और इमोशनल कहानी के दम पर ‘बॉर्डर 2’ बॉक्स ऑफिस पर इतिहास रचने के बेहद करीब पहुंच चुकी है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com