Sunny Deol Border 2: सनी देओल की ‘बॉर्डर 2’ का धमाका, एडवांस बुकिंग में की छप्परफाड़ कमाई

Border 2 Opening Prediction: सनी देओल की ‘बॉर्डर 2’ ने रिलीज से पहले ही बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचा दिया है। ट्रेड रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म ओपनिंग डे पर 20 करोड़ से ज्यादा का कलेक्शन कर सकती है।
border 2 advance booking day 1 sunny deol box office
बॉर्डर 2 एडवांस बुकिंग कलेक्शन (फोटो- सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Border 2 Advance Booking Day 1: सनी देओल की मोस्ट अवेटेड वॉर ड्रामा फिल्म ‘बॉर्डर 2’ आखिरकार 23 जनवरी, शुक्रवार को सिनेमाघरों में रिलीज हो गई है। गणतंत्र दिवस वीकेंड से ठीक पहले रिलीज हो रही इस फिल्म को लेकर दर्शकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। फिल्म का ट्रेलर, गाने और देशभक्ति से भरा कंटेंट पहले ही सोशल मीडिया पर छाया हुआ था और अब एडवांस बुकिंग के आंकड़े बता रहे हैं कि ‘बॉर्डर 2’ बॉक्स ऑफिस पर बमफाड़ शुरुआत करने के लिए पूरी तरह तैयार है।

1997 में आई जेपी दत्ता की सुपरहिट फिल्म ‘बॉर्डर’ आज भी दर्शकों के दिलों में खास जगह रखती है। करीब 30 साल बाद आ रहा इसका सीक्वल उसी देशभक्ति के जज़्बे को नए दौर की भव्यता के साथ पेश करने का दावा कर रहा है। यही वजह है कि रिलीज से पहले ही फिल्म की एडवांस बुकिंग ने शानदार आंकड़े छू लिए हैं।

एडवांस बुकिंग में कितनी हुई कमाई

बॉक्स ऑफिस ट्रैकिंग वेबसाइट सैकनिल्क के मुताबिक, शुक्रवार सुबह 7 बजे तक ‘बॉर्डर 2’ के लिए देशभर में कुल 4 लाख 9 हजार 117 टिकटों की प्री-बुकिंग हो चुकी थी। इस हिसाब से फिल्म ने बिना ब्लॉक सीटों के करीब 12.5 करोड़ रुपये की एडवांस बुकिंग कर ली है, जबकि ब्लॉक सीटों के साथ यह आंकड़ा 17.5 करोड़ रुपये तक पहुंच चुका है। यह साफ संकेत है कि दर्शकों का रुझान फिल्म की ओर काफी मजबूत है।

ओपनिंग डे पर 20 करोड़ से ज्यादा की उम्मीद

बॉक्स ऑफिस ट्रेड रिपोर्ट्स के मुताबिक, ‘बॉर्डर 2’ पहले दिन 20 करोड़ रुपये का आंकड़ा आसानी से पार कर सकती है। फिल्म डबल डिजिट में मजबूत ओपनिंग करेगी, जबकि कोईमोई की रिपोर्ट के अनुसार यह फिल्म 25 से 32 करोड़ रुपये के बीच ओपनिंग कर सकती है। अगर फिल्म को पॉजिटिव वर्ड ऑफ माउथ मिला, तो ओपनिंग कलेक्शन और भी ज्यादा हो सकता है।

क्या सनी देओल फिर रचेंगे इतिहास

सनी देओल इससे पहले 2023 में आई ‘गदर 2’ के जरिए बॉक्स ऑफिस पर इतिहास रच चुके हैं, जिसने पहले दिन करीब 40.1 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया था। अब सबकी निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि क्या ‘बॉर्डर 2’ उस रिकॉर्ड के करीब पहुंच पाएगी या नहीं। फिलहाल, एडवांस बुकिंग के आंकड़े यही बता रहे हैं कि ‘बॉर्डर 2’ 2026 की सबसे बड़ी ओपनिंग फिल्मों में से एक बनने की पूरी क्षमता रखती है।

Navbharat Live
navbharatlive.com