

Sunil Pal Bigg Boss Controversy: 'बिग बॉस 20' इन दिनों लगातार चर्चा में बना हुआ है। शो को हर सीजन की तरह इस बार भी सलमान खान होस्ट कर रहे हैं। हाल ही में सलमान खान ने सोशल मीडिया पर होने वाली ट्रोलिंग को लेकर अपनी नाराजगी जाहिर की थी। इसी बीच कॉमेडियन सुनील पाल ने ‘बिग बॉस’ और सलमान खान को लेकर अपनी बेबाक राय रखी है।
सुनील पाल ने शो की आलोचना करते हुए इसे बंद करने की अपील तक कर दी। पैपराजी से बातचीत के दौरान सुनील पाल ने ‘बिग बॉस’ को लेकर काफी तीखी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि शो में आने वाले लोगों को ट्रोल किया जाना चाहिए, चाहे वह सलमान खान हों या कोई कंटेस्टेंट। इसके साथ ही उन्होंने सलमान खान से शो को बंद कराने की अपील भी की। सुनील पाल ने बिग बॉस को कलंकित और गटर शो जैसे शब्दों से संबोधित किया। उन्होंने कहा कि शो में ऐसे लड़के-लड़कियों को स्टार बनाया जाता है, जिन्हें वह समाज के लिए सही उदाहरण नहीं मानते।
दरअसल, हाल ही में 'बिग बॉस 20' के एक एपिसोड में सलमान खान ने सोशल मीडिया पर सितारों के लुक और कद-काठी को लेकर होने वाली ट्रोलिंग पर नाराजगी जाहिर की थी। इस दौरान उन्होंने अपनी टीशर्ट उतारकर ट्रोलर्स को जवाब देने की कोशिश की थी। सलमान के इस अंदाज पर प्रतिक्रिया देते हुए सुनील पाल ने उनसे कहा कि उन्हें इस तरह की बातों से बचना चाहिए। उन्होंने शो को लेकर भी अपनी नाराजगी जाहिर की और सलमान खान से इसे बंद करने की अपील की।
सुनील पाल ने कहा कि सलमान खान को जनता ने स्टार बनाया है और उन्हें उम्मीद है कि सलमान उनकी बात का बुरा नहीं मानेंगे। उन्होंने सलमान के साथ-साथ अक्षय कुमार और शाहरुख खान का नाम लेते हुए भी कहा कि बड़े सितारों को अपनी फिल्मों और काम को लेकर सबक लेना चाहिए। इसके अलावा सुनील पाल ने 'हनुमान अंश' का उदाहरण देते हुए बड़े बजट की फिल्मों की कमाई पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि कम बजट की फिल्म ने अच्छा प्रदर्शन किया, जबकि कुछ बड़े बजट की फिल्में उम्मीद के मुताबिक कमाई नहीं कर पा रही हैं।