

Highlights
जतिन प्रताप सिंह की बिग बॉस 20 में एंट्री की अटकलें तेज हो गई हैं।
जतिन ट्रैवल, लग्जरी होटल और लाइफस्टाइल से जुड़े वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर करते हैं।
जतिन की वाइल्ड कार्ड एंट्री को लेकर मेकर्स की ओर से अभी आधिकारिक घोषणा नहीं हुई।
Jatin Pratap Singh Bigg Boss 20 Wild Card Entry: छोटे पर्दे का सबसे पॉपुलर और विवादित रियलिटी शो 'बिग बॉस 20' इन दिनों हर तरफ चर्चा का केंद्र बना हुआ है। शो को शुरू हुए एक महीने से ज्यादा का वक्त बीत चुका है और घर के अंदर रोज नए समीकरण बनते और बिगड़ते दिख रहे हैं। हाल ही में मेकर्स ने दर्शकों का रोमांच बढ़ाने के लिए शो में वाइल्डकार्ड एंट्री का सिलसिला शुरू किया है।
छोटे पर्दे एक्टर मनीष गोयल और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर नकुल धूल के घर में कदम रखने के बाद अब सोशल मीडिया पर एक और नए नाम को लेकर सुगबुगाहट तेज हो गई है। डिजिटल दुनिया के जाने-माने ट्रैवल और लाइफस्टाइल क्रिएटर जतिन प्रताप सिंह का नाम इन दिनों सोशल मीडिया पर तेजी से सुर्खियां बटोर रहा है।
फैंस के बीच यह चर्चा तब अचानक शुरू हुई जब जतिन प्रताप सिंह ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर एक तस्वीर शेयर की। इस तस्वीर में वे हाथ में एक ऐसा फोल्डर थामे नजर आ रहे हैं जिस पर साफ-साफ वाइल्डकार्ड लिखा हुआ था। इतना ही नहीं, उन्होंने अपनी इस पोस्ट के कैप्शन में 'तथास्तु' शब्द का यूज किया, जो कि इस सीजन में सलमान खान के शो की थीम भी है।
इसके अलावा उन्होंने बैकग्राउंड में सलमान खान का गाना जोड़कर इन अटकलों को और ज्यादा हवा दे दी। इस एक पोस्ट के सामने आते ही उनके फैंस के बीच यह अनुमान लगाए जाने लगे कि वे जल्द ही रियलिटी शो बिग बॉस के मंच पर नजर आ सकते हैं।
दिल्ली के रहने वाले जतिन प्रताप सिंह सोशल मीडिया का एक जाना-मान नाम हैं। इंस्टाग्राम और यूट्यूब जैसे प्रमुख सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर उनके फैंस की लंबी फेहरिस्त है, जहां उनके फॉलोअर्स की संख्या लाखों में है। वे मुख्य रूप से लग्जरी होटलों, विदेशी दौरों और शानदार जीवनशैली से जुड़े वीडियो अपने दर्शकों के बीच शेयर करते रहते हैं।
हालांकि सोशल मीडिया पर चल रही इन तमाम चर्चाओं के बीच बिग बॉस शो के मेकर्स की तरफ से अभी तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। उनके फैंस यह जानने के लिए बेहद उत्सुक हैं कि यह वायरल पोस्ट महज एक पब्लिसिटी स्टंट है या फिर इसमें कोई वास्तविक सच्चाई छिपी है।
बता दें कि वीकेंड का वार के दौरान शो में 2 नए चेहरों की वाइल्डकार्ड एंट्री कराई गई है, जिससे खेल का पूरा गणित बदलता नजर आ रहा है। मनीष गोयल के बाद अब हरियाणा के फेमस सोशल मीडिया क्रिएटर नकुल धुल ने भी घर के अंदर कदम रख लिया है।