

Bigg Boss 20 Captaincy Task: बिग बॉस 20 में इन दिनों घरवालों के बीच रिश्तों और गेम को लेकर लगातार विवाद देखने को मिल रहा है। हालिया एपिसोड में कई कंटेस्टेंट्स काजी तौकीर के खिलाफ एकजुट नजर आए। इस पर बिग बॉस 7 की विनर और शो की फैन गौहर खान ने सोशल मीडिया के जरिए अपनी प्रतिक्रिया दी है। गौहर ने काजी का समर्थन करते हुए घरवालों के रवैये पर सवाल उठाए और उन पर काजी को टारगेट करने का आरोप लगाया।
गौहर खान ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर घरवालों के रवैये को लेकर नाराजगी जाहिर की। उन्होंने लिखा कि उन्हें समझ नहीं आ रहा कि घर में किसी का भी दिमाग चल रहा है या नहीं। गौहर ने कहा कि घर के लोग एक मौके की तलाश में हैं, ताकि काजी को टारगेट किया जा सके। उन्होंने यह भी कहा कि काजी की दोस्त माही ने भी उन्हें ऐसा करने से रोकने की बात कही थी और कहा था कि यह अच्छा नहीं लग रहा, लेकिन इसके बावजूद कई लोग उनके पीछे पड़ गए। गौहर ने आगे कहा कि घरवालों के दिमाग में ही गंदगी है और किसी ने यह नहीं सोचा कि काजी सिर्फ अपना टास्क कर रहे थे।
गौहर खान ने अपनी पोस्ट में दावा किया कि घरवाले काजी के खिलाफ एक तरह का प्रोपेगेंडा बनाने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन यह काम नहीं कर रहा है। उन्होंने कहा कि बाहर की दुनिया सब कुछ देख रही है। गौहर ने अपनी बात रखते हुए कहा कि जितना काजी को टारगेट किया जाएगा, उतना ही वह हीरो बनेंगे। इसके अलावा गौहर ने कैप्टेंसी टास्क के दौरान काजी के शांत रहने की भी तारीफ की। उन्होंने कहा कि कई कंटेस्टेंट्स के खिलाफ होने के बावजूद काजी ने अपना आपा नहीं खोया और शांत रहना चुना।
दरअसल, कैप्टेंसी टास्क के दौरान काजी तौकीर और यंग डीएसए के बीच बहस हो गई थी। गेम के दौरान काजी ने यंग डीएसए से गेंद लेने की कोशिश की, जिसके बाद दोनों के बीच विवाद बढ़ गया। बाद में काजी ने यंग से माफी भी मांगी, लेकिन यंग ने उनका सॉरी स्वीकार नहीं किया। इस पूरे मामले के बाद घर में काजी के खिलाफ कई कंटेस्टेंट्स नजर आए। वहीं, अब गौहर खान के उनके समर्थन में सामने आने से यह विवाद सोशल मीडिया पर भी चर्चा में आ गया है।