

Bigg Boss 20 Elimination Twist: ‘बिग बॉस’ का नया सीजन शुरू होने से पहले ही दर्शकों के बीच जबरदस्त उत्सुकता देखने को मिल रही है। ‘बिग बॉस 20’ में इस बार कई नए ट्विस्ट और नियम देखने को मिल सकते हैं। शो के ग्रैंड प्रीमियर से पहले सलमान खान ने एक प्रोमो के जरिए एलिमिनेशन को लेकर ऐसा ट्विस्ट बताया है, जिसने फैंस की एक्साइटमेंट बढ़ा दी है। प्रोमो में संकेत दिया गया है कि इस सीजन में एलिमिनेट होने वाला कंटेस्टेंट तुरंत घर से बाहर नहीं जाएगा।
जियो हॉटस्टार और कलर्स टीवी के सोशल मीडिया हैंडल्स पर जारी प्रोमो में सलमान खान अपने खास अंदाज में नजर आ रहे हैं। वह कहते हैं कि लोग कहते हैं न जाने वाले को कौन रोक सकता है… बिग बॉस रोक सकता है। इसके बाद वह बताते हैं कि इस बार घर से जो कंटेस्टेंट एलिमिनेट होगा, उसे एक्स्ट्रा जीवनदान मिल सकता है। प्रोमो में सलमान का डायलॉग है कि इस बार घर से जो एलिमिनेट होगा, वो घर में ही रहेगा, क्योंकि सबको मिलेगा वरदान ऑफ एक्स्ट्रा जीवनदान। तथास्तु मेरी जान।
मेकर्स ने ‘बिग बॉस 20’ के प्रोमो के साथ ‘डबल द चांस, ट्रिपल द ड्रामा, तथास्तु मेरी जान’ लिखा है। इससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि एलिमिनेशन के बाद कंटेस्टेंट को दूसरा मौका दिया जा सकता है। हालांकि, वह किस तरह घर में रहेगा और इसका फॉर्मेट क्या होगा, इसकी पूरी जानकारी अभी सामने नहीं आई है। संभावना जताई जा रही है कि एलिमिनेटेड कंटेस्टेंट को सीक्रेट रूम या किसी पैरेलल स्पेस में रखा जा सकता है।
‘बिग बॉस 20’ का ग्रैंड प्रीमियर 6 सितंबर 2026 को होने की जानकारी दी गई है। शो की ओटीटी स्ट्रीमिंग रोज रात 9 बजे होगी। वहीं, टेलीविजन पर इसे सोमवार से शुक्रवार रात 10:30 बजे और वीकेंड का वार रात 9:30 बजे प्रसारित किए जाने की जानकारी है। आमतौर पर एलिमिनेशन का डर कंटेस्टेंट्स को अपनी रणनीति बदलने पर मजबूर करता है। लेकिन अगर एलिमिनेशन के बाद भी खिलाड़ी को घर में रहने का मौका मिलता है, तो गेम और भी पेचीदा हो सकता है। ऐसे कंटेस्टेंट दूसरे खिलाड़ियों की कमजोरियों और रणनीतियों से अच्छी तरह वाकिफ होंगे।