

Salman Khan Bigg Boss 20 Announcement: टीवी के सबसे चर्चित और विवादित रियलिटी शो 'बिग बॉस' का 20वां सीजन जल्द ही दर्शकों के बीच आने वाला है। शो के मेकर्स ने आधिकारिक तौर पर 'बिग बॉस 20' की घोषणा कर दी है, जिसके बाद फैंस की एक्साइटमेंट सातवें आसमान पर पहुंच गई है। जियो हॉटस्टार ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर करते हुए लिखा कि दो दशक बाद भी सबसे आइकॉनिक शो।
हर सीजन की तरह इस बार भी बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान हिंदी संस्करण को होस्ट करते नजर आएंगे। सलमान की दमदार होस्टिंग और उनके 'वीकेंड का वार' एपिसोड हमेशा शो की सबसे बड़ी खासियत रहे हैं। फैंस भी उन्हें एक बार फिर कंटेस्टेंट्स की क्लास लगाते देखने के लिए उत्साहित हैं। वहीं, अन्य भाषाओं के संस्करणों की बात करें तो मलयालम एडिशन को मोहनलाल, तेलुगू को नागार्जुन, तमिल को विजय सेतुपति, कन्नड़ को किच्चा सुदीप और बांग्ला एडिशन को सौरव गांगुली होस्ट करेंगे।
सलमान खान की 'बिग बॉस 20' में इस बार कौन-कौन से चेहरे नजर आएंगे, इसे लेकर कई नाम सामने आ रहे हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, अरबाज पटेल, अर्जुन बिजलानी, भव्या सिंह, जन्नत जुबैर, करण पटेल, मिस्टर फैजू, निया शर्मा, रिद्धिमा गुप्ता, रुरु ठाकुर और सैंटी शर्मा जैसे सितारों के शो में हिस्सा लेने की अटकलें हैं। हालांकि, मेकर्स की ओर से अभी तक किसी भी कंटेस्टेंट के नाम की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। ऐसे में फैंस को ऑफिशियल अनाउंसमेंट का इंतजार करना होगा।
इस बार 'बिग बॉस' पहले से भी ज्यादा बड़ा और भव्य होने जा रहा है। मेकर्स ने फैसला किया है कि शो के हिंदी, तमिल, तेलुगू, कन्नड़, मलयालम और बांग्ला कुल छह भाषाओं के एडिशन एक साथ लॉन्च किए जाएंगे। शो सितंबर 2026 से शुरू होगा। दर्शक इसे टीवी पर कलर्स चैनल और ओटीटी प्लेटफॉर्म जियो हॉटस्टार पर देख सकेंगे। गौरतलब है कि पिछले सीजन का ग्रैंड फिनाले 7 दिसंबर 2025 को हुआ था, जिसमें गौरव खन्ना विजेता बने थे, जबकि फरहाना भट्ट रनर-अप रहीं। अब दर्शकों की निगाहें 'बिग बॉस 20' पर हैं, जिससे एक बार फिर भरपूर ड्रामा, मनोरंजन और नए विवादों की उम्मीद की जा रही है।