Bigg Boss 20 Highlights: पटक कर फेंक दूंगा... कैप्टंसी टास्क में भिड़े अरिशफा खान और स्काउट, गरमाया माहौल

Bigg Boss 20 Latest Update: बिग बॉस 20 के पहले कैप्टंसी टास्क के दौरान स्काउट और अरिशफा खान के बीच तीखी बहस हो गई। स्काउट की धमकी के बाद बिग बॉस के घर में तनाव और बढ़ गया।
Arishfa Khan Scout Fight Bigg Boss 20
अरिशफा खान और स्काउट(फोटो सोर्स-सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Arishfa Khan Scout Fight Bigg Boss 20: टीवी के सबसे पॉपुलर और विवादित रियलिटी शो 'बिग बॉस 20' की शुरुआत होते ही घर के अंदर घमासान छिड़ गया है। अभी शो को शुरू हुए कुछ ही दिन बीते हैं, लेकिन प्रतियोगियों के बीच की तनातनी अब सीमाएं लांघने लगी है। पहले ही हफ्ते में आयोजित हुए कैप्टंसी टास्क के दौरान माहौल इतना बिगड़ गया कि घर के 2 फेमस चेहरे आपस में भिड़ गए।

फेमस गेमर स्काउट यानी तन्मय सिंह और सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर अरिशफा खान के बीच हुई इस तीखी बहस ने न केवल घर के बाकी सदस्यों को हैरान कर दिया है, बल्कि सोशल मीडिया पर भी एक नया विवाद खड़ा कर दिया है।

फर्स्ट कैप्टंसी टास्क और घर में मचा भारी बवाल

बिग बॉस ने घर के सदस्यों को इस सीजन का पहला कैप्टंसी टास्क सौंपा था। इस टास्क के नियम के तहत महिला प्रतियोगियों को पुरुष प्रतियोगियों पर रंग लगाना था। टास्क के दौरान कॉम्पिटिशन इतना बढ़ गया कि अरिशफा खान और स्काउट रेस में आगे निकलने की होड़ में आमने-सामने आ गए।

शुरुआत में तो दोनों के बीच केवल खेल को लेकर बहस हो रही थी, लेकिन देखते ही देखते इस बातचीत ने एक उग्र रूप ले लिया। दोनों ही एक-दूसरे पर हावी होने की कोशिश करने लगे, जिससे टास्क का माहौल पूरी तरह से गरमा दिया।

गुस्से में स्काउट ने दे डाली धमकी

बिग बॉस 20 में टास्क के दौरान दोनों के बीच जुबानी जंग इतनी बढ़ गई कि स्काउट अपना आपा खो बैठे। सामने आए शो के प्रोमो में स्काउट का गुस्सा साफ देखा जा सकता है। अरिशफा खान पर भड़कते हुए उन्होंने नेशनल टीवी पर यह तक कह दिया कि वह उन्हें यहीं साइड में पटक कर फेंक देंगे।

इतना ही नहीं, अरिशफा खान को उकसाने के इरादे से स्काउट उन्हें बार-बार 'बच्ची' कहकर बुलाने लगे। स्काउट के इस आक्रामक रवैये और भाषा को देखकर घर के बाकी प्रतियोगी भी दंग रह गए और उन्होंने फौरन स्काउट के इस बर्ताव का विरोध करना शुरू कर दिया।

अरिशफा के पलटवार से बिगड़ा घर का माहौल

अरिशफा खान ने भी चुप रहने के बजाय स्काउट की बात का फौरन और कड़ा जवाब दिया। उन्होंने स्काउट पर पर्सनल टिप्पणी करते हुए कहा कि ई-स्पोर्ट्स और गेमिंग की दुनिया के बाहर उन्हें जिंदगी में कुछ भी नहीं आता है।

इस तीखे पलटवार के बाद दोनों के बीच की बहस और भी ज्यादा कड़वी हो गई। हालांकि बहस खत्म होने के बाद जब घर के सदस्यों ने स्काउट के बर्ताव पर सवाल उठाए, तो स्काउट काफी भावुक हो गए। गेमिंग कम्युनिटी के इतने बड़े स्टार को रोते हुए देखकर उनके फैंस और दर्शक भी काफी हैरान हैं।

Arishfa Khan Scout Fight Bigg Boss 20
Haiwaan Collection Day 4: चौथे दिन 'हैवान' की धीमी पड़ी रफ्तार, पहले सोमवार को कमाए 8.05 करोड़

आज के एपिसोड पर टिकी सभी दर्शकों की नजरें

इस हाई-वोल्टेज ड्रामे के बाद सोशल मीडिया पर दर्शकों की प्रतिक्रियाएं दो हिस्सों में बंट गई हैं। जहां कुछ लोग स्काउट के गुस्से को गेम का हिस्सा मान रहे हैं, वहीं कई लोग अरिशफा खान के लिए उनके शब्दों की कड़ी निंदा कर रहे हैं।

अब हर किसी की निगाहें आज रात प्रसारित होने वाले एपिसोड पर टिकी हुई हैं। देखना यह दिलचस्प होगा कि बिग बॉस स्काउट के इस हिंसक बयान पर क्या रुख अपनाते हैं और इस कैप्टंसी टास्क का अंतिम नतीजा क्या निकलकर सामने आता है।