खेसारी लाल यादव (सोर्स- सोशल मीडिया)
मुंबई: भोजपुरी सिनेमा के चर्चित अभिनेता खेसारी लाल यादव एक बार फिर अपने फैंस के लिए एक्शन से भरपूर फिल्म लेकर आ रहे हैं। उनकी आगामी फिल्म ‘अग्नि परीक्षा’ का पहला पोस्टर आज, 30 अप्रैल को रिलीज किया गया। यह फर्स्ट लुक सामने आते ही सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है और दर्शकों में फिल्म को लेकर उत्सुकता और भी बढ़ गई है।
पोस्टर में खेसारी का रूप बेहद उग्र और खतरनाक नजर आ रहा है। माथे से खून बह रहा है, आंखों में गुस्से की लपटें हैं और हाथ में एक कटा हुआ सिर दिखाई दे रहा है। उनके हाथों से आग निकलती दिख रही है, जो फिल्म के टाइटल ‘अग्नि परीक्षा’ के प्रतीक रूप में सामने आती है। इस लुक को देखकर यह स्पष्ट है कि यह फिल्म पूरी तरह से एक्शन और बदले की कहानी पर आधारित होगी।
फिल्म का निर्देशन भोजपुरी सिनेमा के जाने-माने निर्देशक लाल बाबू पंडित कर रहे हैं, जबकि निर्माता सुरिंदर यादव हैं। फिल्म को सुर म्यूजिक वर्ल्ड प्राइवेट लिमिटेड के बैनर तले बनाया जा रहा है। इस फिल्म में खेसारी के साथ अकांक्षा पुरी, नीलम गिरी, जे नीलम, सुशील सिंह और प्रकाश जयस जैसे कलाकार अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। खेसारी लाल यादव ने हाल ही में दो म्यूजिक एल्बम ‘किरिया बाटे बलम’ और ‘जतवा के दांतवा’ रिलीज किए थे, जिन्हें दर्शकों का अच्छा रिस्पॉन्स मिला। ऐसे में अब ‘अग्नि परीक्षा’ के फर्स्ट लुक ने उनके चाहने वालों की उम्मीदों को और भी बढ़ा दिया है।
मनोरंजन से जुड़ी खबरों के लिए यहां क्लिक करें
हालांकि फिल्म की रिलीज डेट की अभी आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है, लेकिन कयास लगाए जा रहे हैं कि यह फिल्म 2024 के दूसरे हाफ में सिनेमाघरों में दस्तक दे सकती है। फिलहाल, ‘अग्नि परीक्षा’ का पोस्टर ही दर्शकों की धड़कनें बढ़ा रहा है। यह देखना दिलचस्प होगा कि यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर क्या कमाल करती है और खेसारी एक बार फिर अपने अभिनय से कितनों का दिल जीतते हैं।