26/11 की कहानी भी नहीं बचा सकी फिल्म, 'Bharat Bhhagya Viddhaata' का निकला दम!, पहले ही हफ्ते में बुरा हाल

Bharat Bhhagya Viddhaata Day7: कंगना रनौत की फिल्म 'भारत भाग्य विधाता' बुरी तरह फ्लॉप साबित हुई है और रिलीज के पहले हफ्ते में ही इसकी कमाई लाखों रुपये में सिमट गई है।
Bharat Bhhagya Viddhaata
कंगना रनौत (फोटो सोर्स-सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Kangana Ranaut Film Bharat Bhhagya Viddhaata: बॉक्स ऑफिस पर बड़े दांव के साथ रिलीज हुई कंगना रनौत की नई फिल्म 'भारत भाग्य विधाता' दर्शकों को लुभाने में नाकाम रही है। मनोज तापड़िया के डायरेक्शन में बनी इस फिल्म ने रिलीज के पहले दिन से ही बॉक्स ऑफिस पर बेहद ठंडा रुख देखा है। शुरुआती वीकेंड पर कुछ ठीक-ठाक आंकड़े छूने के बाद वीकडेज में फिल्म का ग्राफ इतनी तेजी से गिरा कि अब यह सिर्फ कुछ लाख रुपयों की डेली कमाई पर आकर टिक गई है।

बीते दिन फिल्म की झोली में केवल 45 लाख रुपये ही आ सके, जिसके बाद भारतीय बॉक्स ऑफिस पर इसका अब तक का कुल कलेक्शन 6.55 करोड़ रुपये तक पहुंचा है। फिल्म भारत भाग्य विधाता ने अपने सफर की शुरुआत ही बहुत धीमी रफ्तार से की थी, जब रिलीजिंग के पहले शुक्रवार को फिल्म केवल 1 करोड़ रुपये का कारोबार किया था. शनिवार को कलेक्शन में थोड़ा उछाल आया और फिल्म ने 1.45 करोड़ रुपये जुटाए, जबकि रविवार को यह आंकड़ा 1.80 करोड़ रुपये तक गया था।

पहला हफ्ता शुरू होते ही औंधे मुंह गिरी कमाई

रिलीजिंग के पहले हफ्ते सोमवार और मंगलवार को फिल्म ने महज 65-65 लाख रुपये का कलेक्शन किया, जो बुधवार को और घटकर 55 लाख रुपये रह गया। पहले 7 दिनों के भीतर यह फिल्म 10 करोड़ रुपये के सम्मानजनक आंकड़े को छूना तो दूर, उसके आस-पास पहुंचने के लिए भी जद्दोजहत करती दिखी। अब सिनेमाघरों में 'कॉकटेल 2' जैसी नई और बड़ी फिल्मों ने दस्तक दे दी है, जिससे इस फिल्म के रास्ते और मुश्किल होने वाले हैं।

राजनीतिक गलियारों में तारीफ लेकिन बॉक्स ऑफिस पर सन्नाटा

फिल्म भारत भाग्य विधाता को देखने के लिए भले ही आम दर्शक सिनेमाघरों का रुख नहीं कर रहे हैं, लेकिन राजनीतिक हलकों में इसकी काफी चर्चा देखने को मिल रही है। 12 जून को रिलीज हुई इस फिल्म को हरियाणा सरकार की ओर से टैक्स-फ्री करने की घोषणा भी मिल चुकी है।

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने फिल्म की स्पेशल स्क्रीनिंग देखने के बाद इसे हर देशवासी को प्रेरित करने वाली कहानी बताया था। इसके अलावा ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी और उप-मुख्यमंत्री कनक वर्धन सिंह देव ने भी भुवनेश्वर में फिल्म की सराहना की थी।

26/11 की कहानी भी नहीं बचा सकी फिल्म

अभिनेत्री कंगना रनौत की इस फिल्म का ताना-बाना साल 2008 में मुंबई में हुए 26/11 के खौफनाक आतंकी हमलों की एक सच्ची घटना पर बुना गया है। भारत भाग्य विधाता फिल्म नर्स गीता माधव गांधारे के उस अदम्य साहस को बयां करती है, जिन्होंने अपनी जान पर खेलकर 20 गर्भवती महिलाओं को सुरक्षित निकाला था।

फिल्म में कंगना के साथ ईशा डे, गिरिजा ओक और स्मिता तांबे जैसी अभिनेत्रियों ने अहम रोल अदा किया है। मनोज तापड़िया के लेखन और डायरेक्शन में बनी इस फिल्म में कंगना रनौत ने सह-निर्माता की जिम्मेदारी भी संभाली है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com