शोले से लेकर सीता और गीता तक, इन फिल्मों में दिखीं बॉलीवुड की ड्रीम गर्ल हेमा मालिनी की खास झलक

Hema Malini Career: हेमा मालिनी ने 1968 में ‘सपनों का सौदागर’ से करियर शुरू किया, और राज कपूर ने उनकी प्रतिभा की तारीफ की। 1972 की ‘सीता और गीता’ में डबल रोल ने उन्हें लोकप्रियता दिलाई।
बसंती से सीता और गीता तक, इन फिल्मों में दिखीं बॉलीवुड की ड्रीम गर्ल हेमा मालिनी की खास झलक
हेमा मालिनी (फोटो- सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Hema Malini Film Journey: हिंदी सिनेमा की ‘ड्रीम गर्ल’ हेमा मालिनी 16 अक्टूबर को अपना 77वां जन्मदिन मना रही हैं। अपने दौर की सबसे लोकप्रिय और बहुप्रशंसित एक्ट्रेस में से एक, हेमा मालिनी की फिल्मों ने उन्हें बॉलीवुड का सुपरस्टार बना दिया। उनके अदाओं, डांस और स्क्रीन पर जादुई उपस्थिति ने दर्शकों के दिलों में हमेशा खास जगह बनाई है।

हेमा ने अपने करियर की शुरुआत 1968 में आई फिल्म ‘सपनों का सौदागर’ से की। इस फिल्म में उनके अभिनय को देखकर राज कपूर ने भविष्यवाणी की थी कि हेमा आगे चलकर बड़ी एक्ट्रेस बनेंगी। इसके बाद उन्होंने 1972 की ‘सीता और गीता’ में डबल रोल निभाया, जहां उनकी भोली-भाली सीता और तेज-तर्रार गीता की जोड़ी दर्शकों को खूब भायी।

जोशीला और सत्ते पे सत्ता

हेमा और देव आनंद की जोड़ी ने भी खूब धमाल मचाया। फिल्म ‘जोशीला’ में हेमा ने पोएट का किरदार निभाया, जिसमें उन्होंने सच्चाइयों से पर्दा उठाने का साहस दिखाया। वहीं, धर्मेंद्र के साथ उनकी फिल्म ‘जुगनू’ साल की दूसरी सबसे बड़ी हिट बनी और बॉक्स ऑफिस पर 50 हफ्ते तक चली। सुपरस्टार देव आनंद के साथ उनकी ‘जॉनी मेरा नाम’ की जोड़ी और ‘त्रिशूल’ जैसी फिल्मों ने उनके करियर को और मजबूती दी।

बॉलीवुड की आइकॉनिक फिल्म

अमिताभ बच्चन के साथ उनकी ‘सत्ते पे सत्ता’ फिल्म में अदाएं और कॉमेडी का जादू देखने को मिला, और यह फिल्म खास इसलिए भी यादगार रही क्योंकि हेमा उस समय प्रेग्नेंट थीं। बॉलीवुड की सबसे आइकॉनिक फिल्म ‘शोले’ में बसंती का किरदार निभाकर हेमा मालिनी ने हर किसी का दिल जीत लिया। इसी फिल्म के दौरान उनकी और धर्मेंद्र की लव स्टोरी भी सामने आई।

ड्रीम गर्ल और बागबान

इसके अलावा, फिल्म ‘ड्रीम गर्ल’ में उनकी चोर वाली अदाएं और गानों ने दर्शकों को दीवाना बना दिया। साल 2003 में अमिताभ बच्चन के साथ आई ‘बागबान’ में हेमा ने मां और पत्नी के किरदार को बखूबी निभाया। उनकी एक्टिंग और भावनाओं की गहराई ने दर्शकों को हंसाया, रुलाया और भावविभोर कर दिया। हेमा मालिनी की फिल्मी यात्रा दिखाती है कि कैसे उन्होंने अपनी मेहनत, अदाओं और परफॉर्मेंस से बॉलीवुड में अपनी खास पहचान बनाई और आज भी वह लोगों की फेवरेट एक्ट्रेस बनी हुई हैं।

Navbharat Live
navbharatlive.com