बप्पी लहरी के पास था इतना सोना, फिर भी कभी तराजू पर क्यों नहीं तौला अपना खजाना? जानें दिलचस्प किस्सा

Bappi Lahiri Birthday: बॉलीवुड के डिस्को किंग बप्पी लहरी अपने अनोखे म्यूजिक के साथ भारी-भरकम सोने की ज्वेलरी के लिए भी जाने जाते थे। जानिए वे क्यों अपने सोने का वजन कभी नहीं करते थे।
Bappi Lahiri Birthday
बप्पी लहरी(फोटो सोर्स-सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Highlights

  • पहली बड़ी फिल्म की सक्सेस के बाद मां ने बप्पी लहरी को सोने की चेन गिफ्ट में दी थी।

  • हॉलीवुड सिंगर एल्विस प्रेस्ली के स्टाइल से प्रभावित होकर बप्पी लहरी ने बनाया अपना खास लुक।

  • बप्पी लहरी परिवार से मिले गहनों को आशीर्वाद और यादों की निशानी मानते थे।

  • बप्पी लहरी के पास करीब 754 ग्राम सोना और 4.62 किलो चांदी थी।

Bappi Lahiri Gold Collection: भारतीय सिनेमा के म्यूजिक इंडस्ट्री में जब भी डिस्को युग की बात होती है, तो सबसे पहला नाम बप्पी लहरी का ही जुबान पर आता है। साल 1952 में जन्मे बप्पी दा ने 1970 के दशक से लेकर 2022 में इस दुनिया को अलविदा कहने तक अपने सुरों का जादू बिखेरा।

उन्होंने 500 से ज्यादा फिल्मों में म्यूजिक दिया और 'डिस्को डांसर', 'वारदात' और 'शराबी' जैसी फिल्मों के गानों से हर पीढ़ी को झूमने पर मजबूर किया।

लेकिन उनके म्यूजिक के साथ-साथ एक और चीज थी, जो उन्हें भीड़ से बिल्कुल अलग खड़ा करती थी। गले में मोटी-मोटी सोने की चेन, हाथों में भारी कंगन, उंगलियों में अंगूठियां और आंखों पर बड़े सनग्लासेस उनकी अलग पहचान बन चुके थे। लोगों के मन में अक्सर यह सवाल उठता था कि आखिर बप्पी दा इतना सोना क्यों पहनते थे और उनके पास कुल कितनी ज्वेलरी थी।

पहली फिल्म की सक्सेस और मां का दिया खास गिफ्ट

बप्पी लहरी के लिए सोना सिर्फ दिखावे की चीज नहीं, बल्कि उनकी सक्सेस और सौभाग्य का प्रतीक था। कई इंटरव्यू में उन्होंने खुद इस बात का जिक्र किया था कि वे सोने को अपना लकी चार्म मानते थे। इस सिलसिले की शुरुआत उनकी पहली बड़ी हिट फिल्म 'जख्मी' की सक्सेस के बाद हुई थी।

उस खुशी के मौके पर उनकी मां ने उन्हें हरे राम हरे कृष्ण के लॉकेट वाली एक सोने की चेन भेंट की थी। बप्पी दा ने उस चेन को बेहद शुभ माना और इसके बाद जैसे-जैसे उनके करियर में सफलता जुड़ती गई, उनके गले में चेन के नंबर भी बढ़ते चले गए। उनका मानना था कि सोना पहनने से उनका आत्मविश्वास बढ़ता है और उन्हें आगे बढ़ने की ऊर्जा मिलती है।

हॉलीवुड दिग्गज स्टार से मिली थी अनोखी प्रेरणा

अपने पहनावे और अलग अंदाज को लेकर बप्पी दा बचपन से ही हॉलीवुड के फेमस संगीतकार एल्विस प्रेस्ली से काफी प्रभावित थे। उन्होंने देखा था कि एल्विस प्रेस्ली स्टेज पर बेहद आकर्षक और बोल्ड कपड़ों के साथ सोने की चेन पहनते थे।

जब बप्पी दा को फिल्म इंडस्ट्री में पहचान मिलने लगी, तो उन्होंने भी अपनी एक अलग छवि गढ़ने का फैसला किया। एल्विस की शैली से प्रेरित होकर उन्होंने मोटी सोने की चेन, बड़े चश्मे और चमकदार कपड़ों को अपना सिग्नेचर स्टाइल बना लिया। बप्पी दा चाहते थे कि दर्शक उन्हें न केवल उनके गानों से, बल्कि उनके खास अंदाज से भी याद रखें।

Bappi Lahiri Birthday
बप्पी लहरी(फोटो सोर्स-सोशल मीडिया)

परिवार के आशीर्वाद के चलते कभी नहीं तौला सोना

बप्पी लहरी के पास मौजूद ज्यादातर गहने उनके अपनों के प्यार और आशीर्वाद की निशानी थे। मां के दिए पहले गिफ्ट के बाद साल 1977 में उनके बर्थडे पर पत्नी चित्राणी ने उन्हें भगवान गणेश के बड़े लॉकेट वाली एक चेन गिफ्ट में दी थी। इसके अलावा उनकी बेटी रीमा ने भी उन्हें मां सरस्वती के लॉकेट वाली चेन भेंट की थी।

चूंकि हर चेन में किसी न किसी देवी-देवता का लॉकेट जुड़ा था, इसलिए बप्पी दा इन्हें भगवान का प्रसाद और परिवार की दुआ मानते थे। यही वजह थी कि उन्होंने जीवन में कभी भी अपने सोने को तराजू पर तौलने की कोशिश नहीं की।

जब एक्टर राजकुमार ने गहनों को लेकर किया था मजाक

फेमस सिंगर बप्पी लहरी के गहनों को लेकर फिल्म इंडस्ट्री में कई दिलचस्प किस्से फेमस हैं। ऐसा ही एक वाकया दिग्गज एक्टर राजकुमार से जुड़ा हुआ है। एक मुलाकात के दौरान राजकुमार ने बप्पी दा के शरीर पर लदे ढेर सारे गहनों को देखकर चुटकी ली थी।

उन्होंने मजाक-मजाक में कहा था कि बप्पी ने ऊपर से नीचे तक सब कुछ पहन रखा है, बस अब एक मंगलसूत्र की कमी रह गई है। राजकुमार की यह बात सुनकर बप्पी लाहिड़ी पहले तो थोड़ा चौंक गए थे, लेकिन फिर उन्होंने इस मजाक को हंसकर टाल दिया था।

Bappi Lahiri Birthday
19 की उम्र में सिर से उठा पिता का साया, दर्द को ताकत बनाकर भूषण कुमार ने ऐसे खड़ा किया करोड़ों का साम्राज्य

जानिए बप्पी लहरी के पास कुल कितना सोना और चांदी था

खबरों के अनुसार, बप्पी लहरी के पास सैकड़ों ग्राम सोने के आभूषण मौजूद थे। आंकड़ों के अनुसार उनके कलेक्शन में करीब 754 ग्राम सोना और 4.62 किलोग्राम चांदी शामिल थी। बप्पी दा ने कभी भी इन गहनों को बेचने या इनका व्यावसायिक मूल्यांकन करने के बारे में नहीं सोचा। उनके लिए हर एक गहना उनके जीवन की किसी न किसी यादगार सफलता की कहानी बयां करता था।

बता दें कि हिंदी फिल्म इंडस्ट्री के साथ-साथ बप्पी लहरी ने अपने बांग्ला म्यूजिक में भी गहरी छाप छोड़ी। उन्होंने ओगू बोधु शुंदोरी, गुरु दक्षिणा, अमर संगी और अमर तुमी जैसी बांग्ला फिल्मों के लिए यादगार एल्बम तैयार किए। इन गीतों को अक्सर किशोर कुमार, लता मंगेशकर और उषा उत्थुप जैसी दिग्गज आवाजों ने सजाया।