

Awarapan 2 Box Office Collection: स्वतंत्रता दिवस के मौके पर 14 अगस्त को सिनेमाघरों में दस्तक देने वाली इमरान हाशमी की फिल्म आवारापन 2 बॉक्स ऑफिस पर लगातार अपनी मजबूत पकड़ बनाए हुए है। शुरुआती वीकेंड में शानदार प्रदर्शन करने के बाद सोमवार को फिल्म के पहले मंडे टेस्ट का नतीजा सामने आ गया है। वीकडेज होने के कारण उम्मीद के मुताबिक 4 दिन फिल्म की कमाई में गिरावट दर्ज की गई है। इसके बावजूद फिल्म का कुल कलेक्शन अब भारतीय बॉक्स ऑफिस पर 100 करोड़ रुपये के ऐतिहासिक आंकड़े के बेहद करीब पहुंच गया है।
रिलीज के पहले दिन से ही दर्शकों ने इस एक्शन थ्रिलर फिल्म को सिर आंखों पर बिठाया। फिल्म ने पहले दिन 22 करोड़ रुपये की शानदार ओपनिंग के साथ अपने सफर की शुरुआत की थी। इसके बाद दूसरे दिन शनिवार को इसकी कमाई में जबरदस्त उछाल देखा गया और इसने 33.75 करोड़ रुपये का बड़ा कलेक्शन किया।
तीसरे दिन रविवार को भी दर्शकों की भारी भीड़ देखने को मिली, जब फिल्म ने 26 करोड़ रुपये का मजबूत कलेक्शन दर्ज किया। शुरुआती 3 दिनों के इसी बेहतरीन प्रदर्शन की बदौलत फिल्म ग्लोबल स्तर पर 100 करोड़ का आंकड़ा पहले ही पार कर चुकी थी।
वर्किंग डे की वजह से 4 दिन यानी सोमवार को फिल्म के कलेक्शन पर असर पड़ना स्वाभाविक था। रिपोर्ट के अनुसार 4 दिन फिल्म ने घरेलू बॉक्स ऑफिस पर 9.25 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया है। रविवार के मुकाबले सोमवार की कमाई में 16.75 करोड़ रुपये की सीधी गिरावट देखने को मिली। इस दौरान सिनेमाघरों में दर्शकों की मौजूदगी लगभग 22 प्रतिशत दर्ज की गई, जबकि पूरे देश में इसके 10,849 शो चलाए गए।
सोमवार की कमाई को मिलाकर अब भारत में आवारापन 2 का कुल नेट कलेक्शन 91 करोड़ रुपये तक जा पहुंचा है। देश में 100 करोड़ रुपये के क्लब में शामिल होने के लिए फिल्म को अब सिर्फ 9 करोड़ रुपये की और दरकार है।
वहीं ग्लोबल कमाई के आंकड़े की बात करें तो यह फिल्म दुनिया भर में अब तक 130.82 करोड़ रुपये का बड़ा कलेक्शन कर चुकी है। इस शानदार कलेक्शन के साथ ही यह फिल्म एक्टर इमरान हाशमी के पूरे करियर की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म बन गई है।