

Avengers Doomsday Final Trailer: मार्वल सिनेमैटिक यूनिवर्स (MCU) की सबसे चर्चित फिल्मों में शामिल 'एवेंजर्स डूम्सडे' को लेकर फैंस का इंतजार अब और बढ़ गया है। फिल्म का फाइनल ट्रेलर रिलीज हो चुका है और इसकी झलक ने दर्शकों के बीच जबरदस्त उत्साह पैदा कर दिया है। अब तक रिलीज हुए टीजर, ट्रेलर और टीवी स्पॉट्स के मुकाबले इस नए ट्रेलर को काफी दमदार माना जा रहा है। इसमें कई बड़े खुलासे किए गए हैं, जो फिल्म की कहानी और आने वाले खतरे की ओर इशारा करते हैं।
'एवेंजर्स डूम्सडे' के फाइनल ट्रेलर में पूर्व कैप्टन अमेरिका स्टीव रॉजर्स की वापसी दिखाई गई है। स्टीव अपनी लेडी लव पैगी कार्टर के साथ जिंदगी बिताते नजर आते हैं। दोनों अब एक साथ खुशहाल जीवन जी रहे हैं और उनका एक बेटा भी है। हालांकि, स्टीव अपनी असली पहचान और अतीत से जुड़ी कई बातें अपने बेटे से छिपाकर रखता है।
ट्रेलर में स्टीव को यह एहसास भी होता है कि समय में पीछे जाकर पैगी के साथ जीवन बिताने का फैसला शायद सही नहीं था। इसी बीच फैंटास्टिक फोर की टीम उसके पास पहुंचती है। स्टीव उनके साथ अपनी पुरानी जिंदगी, एवेंजर्स के बनने और उन फैसलों के बारे में बात करता है, जिनके परिणामों का उसे उस समय अंदाजा नहीं था। लेकिन अब कहानी में सबसे बड़ा खतरा विक्टर वॉन डूम यानी डॉ. डूम के रूप में सामने आता है। उसका मकसद उन लोगों को खत्म करना है, जो समय के साथ छेड़छाड़ करके ऐसी जिंदगी जी रहे हैं, जो उन्हें नहीं मिलनी चाहिए थी।
ट्रेलर में नए एवेंजर्स और एक्स-मेन के बीच टकराव की झलक भी देखने को मिलती है। आगे चलकर सभी सुपरहीरो एक साथ आते नजर आते हैं। उनके सामने सबसे बड़ी चुनौती डॉ. डूम को रोकना है, जो पूरे मल्टीवर्स के लिए बड़ा खतरा बन चुका है।
फिल्म का स्केल काफी बड़ा दिखाई दे रहा है। कहानी में मल्टीवर्स पर मंडराता संकट, सुपरहीरो के बीच टकराव और एक बेहद ताकतवर विलेन दर्शकों को बड़े सिनेमाई अनुभव का एहसास कराने वाले हैं। डॉ. डूम को इस बार थैनोस से भी ज्यादा खतरनाक अंदाज में पेश किया जा रहा है।
इस फिल्म में रॉबर्ट डाउनी जूनियर (RDJ) डॉ. डूम के किरदार में नजर आएंगे। आयरन मैन के रूप में MCU को नई पहचान देने वाले रॉबर्ट की वापसी ने फैंस की उत्सुकता कई गुना बढ़ा दी है। करीब सात साल पहले आयरन मैन के किरदार के अंत के बाद उनकी वापसी मार्वल के लिए बड़ा दांव मानी जा रही है।
फिल्म में थॉर, स्टीव रॉजर्स, सैम विलसन और बकी बार्न्स जैसे किरदार मौजूद हैं, जो पहले भी कई बड़ी लड़ाइयों का हिस्सा रह चुके हैं। हालांकि, डॉ. डूम जैसे खतरनाक दुश्मन के सामने सभी सुपरहीरो के लिए चुनौती आसान नहीं होने वाली है।
'एवेंजर्स डूम्सडे' का निर्देशन जो रूसो और एंथनी रूसो कर रहे हैं। फिल्म में मार्वल की अब तक की सबसे बड़ी सुपरहीरो कास्ट देखने को मिलने वाली है। भारत में यह फिल्म 17 दिसंबर को रिलीज होगी।