Ashish Vidyarthi पहुंचे काशी विश्वनाथ मंदिर, आम श्रद्धालु बनकर किए दर्शन, फिर बनारसी चाट का लिया मजा

Ashish Vidyarthi Food Vlog: आशीष विद्यार्थी ने काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन कर वाराणसी की आध्यात्मिक ऊर्जा को महसूस किया। इसके बाद उन्होंने बनारस की गलियों में घूमकर मशहूर चाट का स्वाद लिया।
Ashish Vidyarthi Varanasi visit Kashi Vishwanath Temple darshan Deena Chaat Bhandar Varanasi
आशीष विद्यार्थी (फोटो- सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Ashish Vidyarthi Varanasi Visit: बॉलीवुड अभिनेता आशीष विद्यार्थी शनिवार सुबह काशी पहुंचे, जहां उन्होंने काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन कर आध्यात्मिक शांति का अनुभव किया। खास बात यह रही कि वह यहां किसी स्टार की तरह नहीं, बल्कि एक आम श्रद्धालु के रूप में नजर आए। आशीष विद्यार्थी ने काशी विश्वनाथ धाम में पूजा-अर्चना की और मंदिर परिसर में कुछ समय बिताया। उन्होंने मंदिर के पुनर्विकास और वहां की व्यवस्थाओं की खुलकर सराहना की।

आशीष विद्यार्थी ने कहा कि धाम की भव्यता और साफ-सफाई ने उन्हें बेहद प्रभावित किया है। इस दौरान कई श्रद्धालुओं ने उन्हें पहचान लिया और उनके साथ फोटो व सेल्फी भी ली। दर्शन के बाद आशीष विद्यार्थी बनारस की मशहूर गलियों में घूमते नजर आए। इसी दौरान वह प्रसिद्ध दीना चाट भंडार पहुंचे, जहां उन्होंने सड़क किनारे खड़े होकर टमाटर चाट का लुत्फ उठाया। उन्होंने इस अनुभव का वीडियो भी बनाया, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

काशी एक जीवंत शहर है

आशीष विद्यार्थी ने वाराणसी को जीवंत शहर बताते हुए कहा कि यहां आकर मन को बेहद सुकून मिलता है। आशीष विद्यार्थी ने कहा कि यह शहर आध्यात्मिक ऊर्जा से भरा हुआ है। यहां हर व्यक्ति से कुछ न कुछ सीखने को मिलता है। उन्होंने यह भी याद किया कि फिल्म ‘रक्तांचल-2’ की शूटिंग के दौरान वह पहले भी वाराणसी आ चुके हैं और उस समय भी उन्होंने इस शहर की खूबसूरती को करीब से महसूस किया था।

शानदार करियर और बहुभाषी पहचान

आशीष विद्यार्थी हिंदी सिनेमा के दिग्गज कलाकारों में गिने जाते हैं। उन्होंने हिंदी, तमिल, तेलुगु, कन्नड़, मलयालम, बंगाली समेत कई भाषाओं में 300 से ज्यादा फिल्मों में काम किया है। उनकी फिल्म द्रोहका के लिए उन्हें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार (सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेता) से सम्मानित किया गया था। आशीष विद्यार्थी की निजी जिंदगी भी चर्चा में रही है। उन्होंने 2023 में रूपाली बरुआ से दूसरी शादी की।

निजी जिंदगी और डिजिटल सफर

अभिनय के अलावा वह डिजिटल प्लेटफॉर्म पर भी काफी एक्टिव हैं। उनका यूट्यूब चैनल फूड और ट्रैवल कंटेंट के लिए जाना जाता है, जहां वह अपने खास अंदाज में खाने और घूमने के अनुभव साझा करते हैं। काशी यात्रा के दौरान आशीष विद्यार्थी का सादगी भरा अंदाज फैंस को खूब पसंद आया। एक स्टार का आम आदमी की तरह शहर की गलियों में घूमना और स्ट्रीट फूड का आनंद लेना, यही उनकी खासियत है, जो उन्हें बाकी कलाकारों से अलग बनाती है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com