

Aruna Irani First Audition: हिंदी सिनेमा की दिग्गज एक्ट्रेस अरुणा ईरानी ने अपने करियर में पांच दशक से अधिक समय तक दर्शकों का मनोरंजन किया है। सैकड़ों फिल्मों और टीवी शोज में अपनी शानदार अदाकारी का लोहा मनवा चुकीं अरुणा ईरानी ने हाल ही में अपने पहले ऑडिशन से जुड़ा एक दिलचस्प किस्सा साझा किया। उन्होंने बताया कि कैसे बचपन में वेफर्स और कोल्ड ड्रिंक के लालच में पहुंची एक ऑडिशन प्रक्रिया ने उनकी जिंदगी की दिशा ही बदल दी।
रियलिटी शो ‘तुम हो ना–घर की सुपरस्टार’ में बातचीत के दौरान अरुणा ईरानी ने अपने शुरुआती दिनों को याद करते हुए कहा कि जब वह छोटी थीं, तब उनकी रिहायशी बिल्डिंग में एक कास्टिंग टीम बच्चों की तलाश में पहुंची थी। टीम ने बच्चों को अभिनय के लिए ऑडिशन देने का मौका दिया और साथ ही वेफर्स और कोल्ड ड्रिंक्स की व्यवस्था भी की थी।
अरुणा ने हंसते हुए बताया कि उस समय उन्हें अभिनय से ज्यादा वेफर्स और कोल्ड ड्रिंक में दिलचस्पी थी। वह अपने दोस्तों के साथ वहां पहुंचीं और एक कोने में खड़े होकर आराम से स्नैक्स का आनंद ले रही थीं। तभी किसी की नजर उन पर पड़ी और उन्हें सामने बुलाया गया। जब वह आगे बढ़ीं तो देखकर हैरान रह गईं कि सामने हिंदी सिनेमा के महान अभिनेता दिलीप कुमार बैठे हुए थे। यह उनके लिए किसी सपने से कम नहीं था।
अरुणा ईरानी ने बताया कि दिलीप कुमार ने उनसे पूछा कि क्या वह डायलॉग बोल सकती हैं। उन्होंने आत्मविश्वास के साथ हामी भरी। इसके बाद उन्हें एक छोटा-सा संवाद दिया गया कि काका, काका, मुझे बहुत डर लग रहा है। साथ ही यह भी कहा गया कि इस डायलॉग को डर के भाव के साथ बोलना है। अरुणा ने पूरे आत्मविश्वास और भावनाओं के साथ संवाद बोला। उनकी प्रस्तुति से सभी प्रभावित हुए और उन्हें तुरंत शॉर्टलिस्ट कर लिया गया।
एक्ट्रेस ने कहा कि यही वह पल था जिसने उनके फिल्मी करियर की नींव रखी। बातचीत के दौरान शो के होस्ट राजीव खंडेलवाल ने उनसे पूछा कि क्या परिवार ने अभिनय के क्षेत्र में आने के फैसले का समर्थन किया था। इस पर अरुणा ईरानी ने बताया कि उनके घर का माहौल पहले से ही कला और रंगमंच से जुड़ा हुआ था। उनके पिता की अपनी ड्रामा कंपनी थी और उनकी मां भी अभिनय से जुड़ी थीं।