आर्मी डे पर यामी गौतम का सलाम, ‘आर्टिकल 370’ की झलक शेयर कर बोलीं- आज और हर दिन, जय हिंद

Yami Gautam Patriotic Post: आर्मी डे के मौके पर अभिनेत्री यामी गौतम ने सोशल मीडिया पर अपनी फिल्म ‘आर्टिकल 370’ की झलक साझा करते हुए भारतीय सेना को सलाम किया। उन्होंने लिखा कि आज और हर दिन, जय हिंद।
army day yami gautam article 370 post jai hind
यामी गौतम की फिल्म आर्टिकल 370 (सोर्स: सोशल मीडिया )
Published on
Updated on

Yami Gautam Army Day: भारत में हर साल 15 जनवरी को आर्मी डे मनाया जाता है। यह दिन देश की रक्षा में तैनात उन वीर जवानों को समर्पित होता है, जिन्होंने अपनी जान की परवाह किए बिना मातृभूमि की सुरक्षा की। इसी दिन वर्ष 1949 में लेफ्टिनेंट जनरल कोडंडेरा एम. करियप्पा ने भारत के पहले भारतीय कमांडर-इन-चीफ के रूप में पदभार संभाला था। इससे पहले यह जिम्मेदारी ब्रिटिश जनरल फ्रांसिस रॉय बुचर के पास थी।

आर्मी डे के मौके पर पूरे देश में भारतीय सेना के शौर्य, बलिदान और अनुशासन को नमन किया जाता है। इस साल आर्मी डे के अवसर पर बॉलीवुड अभिनेत्री यामी गौतम ने भी भारतीय सेना को खास अंदाज में श्रद्धांजलि दी। यामी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट साझा किया, जिसमें उन्होंने अपनी फिल्म ‘आर्टिकल 370’ के कुछ अहम दृश्य भी दिखाए।

यामी गौतम का पोस्ट

यामी गौतम ने पोस्ट के साथ लिखा कि हैप्पी आर्मी डे। आज और हर दिन। जय हिंद! उनका यह संदेश सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया और फैंस ने भी इसे खूब सराहा। फिल्म ‘आर्टिकल 370’ साल 2024 में रिलीज हुई एक पॉलिटिकल थ्रिलर है, जिसका निर्देशन आदित्य सुहास जांभले ने किया है। इस फिल्म में यामी गौतम के साथ प्रियामणि अहम भूमिका में नजर आई थीं। इसके अलावा स्कंद ठाकुर, अश्विनी कौल, वैभव तत्ववादी, अरुण गोविल और किरण कर्माकर जैसे कलाकारों ने भी दमदार अभिनय किया।

यामी गौतम का वर्क फ्रंट

वर्क फ्रंट की बात करें तो यामी गौतम इन दिनों अपनी हालिया रिलीज कोर्टरूम ड्रामा ‘हक’ की सफलता का जश्न मना रही हैं। इस फिल्म का निर्देशन सुपर्ण वर्मा ने किया है और इसमें यामी के साथ इमरान हाशमी और शीबा चड्ढा भी नजर आए। फिल्म की कहानी चर्चित शाह बानो केस से प्रेरित है और इसमें पत्रकार जिग्ना वोरा की किताब ‘बानो: भारत की बेटी’ से भी संदर्भ लिए गए हैं।

नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम हुई हक

यामी गौतम के अभिनय को फिल्म इंडस्ट्री से जबरदस्त सराहना मिली है। फराह खान, आलिया भट्ट, सामंथा और करण जौहर समेत कई सेलेब्स ने उनके काम की तारीफ की। 7 नवंबर 2025 को रिलीज हुई यह फिल्म अब नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम हो रही है। आर्मी डे के मौके पर यामी गौतम का यह पोस्ट न सिर्फ देशभक्ति की भावना को दर्शाता है, बल्कि भारतीय सेना के प्रति उनके सम्मान को भी साफ तौर पर जाहिर करता है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com