Ravi Kishan Reveal: साड़ी पहनकर रामलीला करने पहुंचे थे रवि किशन, पिता ने की पिटाई, मां ने घर छोड़ने में की मदद

Ravi Kishan Childhood Story: 'कॉफी विद करण 9' में रवि किशन ने अपने संघर्ष के दिनों को याद किया। उन्होंने बताया कि एक्टिंग के लिए पिता से मार खाई और मां की मदद से घर छोड़कर मुंबई आ गए थे।
Koffee With Karan 9 Ravi Kishan
रवि किशन, अक्षय कुमार और करण जौहर(फोटो सोर्स-सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Highlights

  • 'कॉफी विद करण' सीजन 9 में अक्षय कुमार और रवि किशन मेहमान बनकर पहुंचे।

  • रवि किशन ने बताया कि उनके पिता एक्टिंग और डांस करने के सख्त खिलाफ थे।

  • साड़ी पहनकर रामलीला में अभिनय करने पहुंचे रवि किशन की पिता ने बुरी तरह पिटाई की थी।

Koffee With Karan 9 Ravi Kishan Struggle Story: करण जौहर का मशहूर टॉक शो 'कॉफी विद करण 9' अपने नए एपिसोड को लेकर चर्चा में है। इस बार शो में बॉलीवुड के खिलाड़ी अक्षय कुमार और भोजपुरी सिनेमा के पावर स्टार रवि किशन मेहमान बनकर पहुंचे। शो के दौरान दोनों सितारों ने अपनी जिंदगी और करियर से जुड़े कई दिलचस्प किस्से साझा किए। इस बीच रवि किशन ने अपने बचपन का एक ऐसा दर्दनाक किस्सा सुनाया, जिसे सुनकर हर कोई हैरान रह गया।

रवि किशन ने बताया कि उनके पिता पुजारी थे और दूध का बिजनेस भी करते थे। वह चाहते थे कि बेटा भी उनके साथ यही काम करे या फिर कोई सरकारी नौकरी कर ले। हालांकि, रवि किशन की दिलचस्पी बचपन से ही एक्टिंग और थिएटर में थी। वह चोरी-छिपे थिएटर किया करते थे। एक बार तो वह साड़ी पहनकर रामलीला में अभिनय करने पहुंच गए थे। इस बात की जानकारी जब उनके पिता को हुई तो वह बेहद नाराज हो गए। रवि ने बताया कि इसके बाद उनके पिता ने उनकी बुरी तरह पिटाई की थी। उनके लिए उस वक्त परिवार की नाराजगी और अपने सपने के बीच चुनाव करना काफी मुश्किल था।

यह लड़का कलंक बनेगा, इसे मार ही देते हैं

रवि किशन ने 'कॉफी विद करण 9' में अपने पिता के गुस्से को याद करते हुए बताया कि उस दौर में उनके परिवार में फिल्मों और सिनेमा में काम करने को अच्छी नजर से नहीं देखा जाता था। उनके पिता को लगता था कि उनका बेटा परिवार का नाम खराब करेगा। एक्टर ने पिता के शब्दों को याद करते हुए कहा कि यह लड़का कलंक बनेगा, इसे मार ही देते हैं। उनके पिता उनके एक्टिंग करने के फैसले से बिल्कुल खुश नहीं थे और इसी वजह से घर में अक्सर तनाव रहता था।

Koffee With Karan 9 Ravi Kishan
इमरान हाशमी की 'गनमास्टर जी9' को रिलीज से पहले लगा बड़ा झटका, CBFC ने करवाए 6 बड़े बदलाव, मिला A सर्टिफिकेट

मां ने घर छोड़ने में की मदद

पिता के विरोध के बावजूद रवि किशन ने अपने सपनों को छोड़ने से इनकार कर दिया। उन्होंने बताया कि आखिरकार उन्होंने घर छोड़ने का फैसला किया और इस मुश्किल वक्त में उनकी मां ने उनका साथ दिया। मां की मदद से वह मुंबई आ गए और एक्टिंग की दुनिया में अपनी पहचान बनाने के लिए संघर्ष शुरू किया। अपने सफर को याद करते हुए रवि भावुक हो गए। उन्होंने कहा कि लोग जिंदगी में चलकर आगे बढ़ते हैं, लेकिन मैं रेंगते हुए यहां तक पहुंचा हूं।

अक्षय कुमार के साथ किया डांस

शो में गंभीर बातचीत के अलावा मस्ती भी देखने को मिली। अक्षय कुमार ने रवि किशन से उनका वायरल डांस स्टेप सिखाने की फरमाइश की। इसके बाद रवि ने अक्षय को अपना खास स्टेप सिखाया और दोनों साथ में डांस करते नजर आए। करण जौहर ने यह भी बताया कि रवि किशन को शो में बुलाने का आइडिया अक्षय कुमार का ही था।