

Anurag Dobhal Family Dispute: मशहूर यूट्यूबर और बिग बॉस 17 फेम अनुराग डोभाल इन दिनों मुश्किल दौर से गुजर रहे हैं। हाल ही में दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर हुए एक सड़क हादसे के बाद उनकी हालत को लेकर फैंस काफी चिंतित हैं। इस बीच उनकी करीबी दोस्त और अभिनेत्री मन्नारा चोपड़ा का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वह अनुराग की हालत देखकर भावुक होती नजर आ रही हैं।
वायरल वीडियो में मन्नारा चोपड़ा काफी भावुक नजर आ रही हैं। उन्होंने रोते हुए कहा कि अनुराग डोभाल को इस समय सबसे ज्यादा अपने परिवार के समर्थन की जरूरत है। मन्नारा ने वीडियो में अनुराग के परिवार और माता-पिता से सवाल करते हुए कहा कि जब किसी इंसान को सबसे ज्यादा अपनों की जरूरत होती है, तब उसे अकेला नहीं छोड़ा जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि शोहरत और पैसा सब बेकार है, अगर मुश्किल समय में अपने लोग साथ न खड़े हों।
मन्नारा ने यह भी याद दिलाया कि बिग बॉस 17 के दौरान अनुराग कई बार अपने परिवार और अपनी पत्नी से बात करने के लिए भावुक हो जाते थे और अपने रिश्तों को लेकर चिंतित रहते थे। वीडियो में मन्नारा चोपड़ा ने अपने निजी अनुभव भी साझा किए। उन्होंने बताया कि वह खुद पिछले दो सालों से मानसिक तनाव और कठिन परिस्थितियों से गुजर चुकी हैं, इसलिए वह अनुराग की स्थिति को अच्छी तरह समझ सकती हैं।
मन्नारा ने कहा कि जब आप किसी के साथ लंबे समय तक रहते हैं, जैसे कि रियलिटी शो में, तो एक इंसानी रिश्ता बन जाता है। उन्होंने कहा कि अनुराग अभी बहुत युवा हैं और उनके साथ जो कुछ हो रहा है, उसे देखकर उनका दिल टूट जाता है। दरअसल, अनुराग डोभाल पिछले कुछ समय से अपने परिवार और पत्नी के बीच चल रहे विवाद को लेकर तनाव में थे। बताया जा रहा है कि उनकी इंटर-कास्ट मैरिज को लेकर घर में मतभेद चल रहे थे।
हाल ही में अनुराग ने एक लंबा वीडियो साझा कर अपने परिवार पर कई गंभीर आरोप लगाए थे और कहा था कि उन्हें और उनकी पत्नी को मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा है। इसी बीच शनिवार रात दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर उनकी कार का एक्सीडेंट हो गया। बताया जा रहा है कि उस समय वह लाइव आकर अपने फैंस से बातचीत कर रहे थे। हादसे के बाद उन्हें तुरंत मेरठ के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
मन्नारा चोपड़ा ने उन लोगों पर भी नाराजगी जाहिर की जो सोशल मीडिया पर अनुराग की मानसिक स्थिति का मजाक उड़ा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस समय उन्हें ट्रोलिंग नहीं, बल्कि प्यार और समर्थन की जरूरत है। मन्नारा ने उम्मीद जताई कि अनुराग डोभाल का परिवार पुरानी बातों को भुलाकर इस मुश्किल समय में उनके साथ खड़ा होगा और उन्हें भावनात्मक सहारा देगा।