

मुंबई: भारत के पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह का दिल्ली के एम्स में 92 साल की उम्र में निधन हुआ। पूरा देश उनके निधन के बाद शोक में डूबा हुआ है। वहीं आम जनता से लेकर बॉलीवुड सितारों तक उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं। फिल्म में मनमोहन सिंह की भूमिका निभाने वाले अनुपम खेर ने भी उनके निधन पर दुख जताया है और बताया है कि मनमोहन सिंह व्यक्तिगत रूप से ईमानदार शख्सियत थे। वह एक महान अर्थशास्त्री थे और सबसे बड़ी बात वह बेहद विनम्र और शालीन व्यक्तित्व के धनी थे। जो एक राजनेता में कम ही देखने को मिलता है।
अनुपम खेर ने अपने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर करते हुए लिखा, भारत के पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के निधन के बारे में जानकर गहरा दुख हुआ। फिल्म 'द एक्सीडेंटल प्राइम मिनिस्टर' के लिए एक साल से अधिक तक उनका अध्ययन करने के बाद मुझे ऐसा लगा कि मैं वास्तव में उनके साथ काफी वक्त बिता चुका हूं। वह स्वाभाविक रूप से अच्छे इंसान थे। वह ईमानदार थे। महान अर्थशास्त्री थे और अत्यंत विनम्र व्यक्ति थे। कुछ लोग कह सकते हैं कि वह एक चतुर राजनीतिज्ञ नहीं थे। उनके परिवार के प्रति मेरी संवेदना है। ओम शांति।
साल 2019 में द एक्सीडेंटल प्राइम मिनिस्टर नाम की फिल्म आई थी। इस फिल्म में अनुपम खेर ने प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की भूमिका निभाई थी। अनुपम खेर ने खुद यह बताया है कि उनके लिए फिल्म में यह भूमिका निभाने आसान काम नहीं था। उन्हें इसके लिए बेहद मेहनत करनी पड़ी। मनमोहन सिंह के किरदार में खुद को ढालने के लिए अनुपम खेर को 6 महीने से अधिक का वक्त लग गया। इतना ही नहीं अनुपम खेर ने अपनी ही किताब में लिखा है कि उन्हें मनमोहन सिंह के बारे में रिसर्च करने के लिए उनका डेढ़ साल का वक्त लग गया था। तब जाकर वह मनमोहन सिंह के बारे में काफी कुछ जान पाए थे और इसीलिए वह कहते हैं कि भले ही मैंने उनके साथ वक्त ना बिताया हो लेकिन उनके बारे में इतना कुछ पढ़ा है ऐसा लगता है कि मैं उनके साथ काफी वक्त बताया है।