Anupam Kher Post: माइकल जैक्सन को याद कर भावुक हुए अनुपम खेर, बोले- दुनिया का आठवां अजूबा थे किंग ऑफ पॉप
Anupam Kher ने माइकल जैक्सन को याद करते हुए एक भावुक पोस्ट शेयर किया है। अनुपम खेर ने पुरानी तस्वीर के साथ अपनी मुलाकात को याद किया और किंग ऑफ पॉप को ‘दुनिया का आठवां अजूबा’ बताया।
- Written By: सोनाली झा
अनुपम खेर और माइकल जैक्सन (फोटो- सोशल मीडिया)
Anupam Kher Michael Jackson Post: बॉलीवुड अभिनेता और फिल्ममेकर अनुपम खेर ने एक बार फिर सोशल मीडिया के जरिए अपने दिल की बात फैंस के साथ साझा की है। इस बार उन्होंने ‘किंग ऑफ पॉप’ माइकल जैक्सन को याद करते हुए एक भावुक पोस्ट शेयर किया। अनुपम खेर ने इंस्टाग्राम पर एक पुरानी तस्वीर पोस्ट की, जिसमें वह माइकल जैक्सन के साथ खड़े होकर हाथ मिलाते नजर आ रहे हैं। इस तस्वीर के साथ उन्होंने अपने उस खास पल को याद किया, जब उनकी मुलाकात इस वैश्विक आइकन से हुई थी।
अपने पोस्ट में अनुपम खेर ने लिखा कि यह तस्वीर सिर्फ एक याद नहीं, बल्कि एक ऐसी भावना है जो समय में ठहर गई है। उन्होंने बताया कि जब उन्होंने माइकल जैक्सन से हाथ मिलाया, तो उनके अंदर का फैन पूरी तरह सामने आ गया था। उन्होंने लिखा कि वो पल मेरे लिए अवास्तविक था… जैसे मैंने किसी जादू को छू लिया हो। आज भी उस एहसास को शब्दों में बयान करना मुश्किल है।
माइकल जैक्सन को बताया एक अनुभव
अनुपम खेर ने माइकल जैक्सन की तारीफ करते हुए कहा कि वह सिर्फ एक कलाकार नहीं थे, बल्कि अपने आप में एक अनुभव थे। उन्होंने कहा कि दुनिया शायद अगले हजार सालों तक उनके जैसा कलाकार नहीं देख पाएगी। उन्होंने लिखा कि आप एक ऐसी घटना थे, जिसे दोहराया नहीं जा सकता। आपकी कला, आपकी मासूमियत और आपकी प्रतिभा ने करोड़ों लोगों की जिंदगी को छुआ है।
सम्बंधित ख़बरें
मायसा की शूटिंग में गंभीर रूप से घायल हुईं रश्मिका मंदाना, कूल्हे का टेंडन हुआ डैमेज, बोलीं- हिम्मत नहीं टूटी
स्पाइडर-मैन के तूफान के बीच भी नहीं झुका जन नायकन, 12 दिनों में 178 करोड़ कमाकर विजय ने बनाया रिकॉर्ड
कैंसर से जंग के बीच छलका दीपिका कक्कड़ का दर्द, हॉस्पिटल में हुईं इमोशनल, बोलीं- बहुत हिम्मत रखनी है
साई पल्लवी के सीता बनने पर मचे बवाल के बीच दीपिका चिखलिया ने किया सपोर्ट, बोलीं- फिल्म रिलीज होने दीजिए
दुनिया का आठवां अजूबा बताया
अपने भावुक पोस्ट में अनुपम खेर ने माइकल जैक्सन को ‘दुनिया का आठवां अजूबा’ तक कह दिया। उन्होंने लिखा कि मानवता के लिए वह ईश्वर का एक अनमोल उपहार थे। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें दुख होता है कि आज भी कुछ लोग उनकी महानता को समझने के बजाय नकारात्मकता फैलाते हैं, लेकिन उनकी विरासत इन सब से कहीं ऊपर है।
भावुक संदेश के साथ किया पोस्ट खत्म
पोस्ट के अंत में अनुपम खेर ने लिखा कि आप जहां भी हों, उम्मीद है कि आप अपने अंदाज में थिरक रहे होंगे, कुछ नया रच रहे होंगे और मुस्कुरा रहे होंगे। अनुपम खेर का यह भावुक पोस्ट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। फैंस भी माइकल जैक्सन को याद करते हुए इस पोस्ट पर अपनी भावनाएं जाहिर कर रहे हैं।
