

Annu Kapoor On Shah Rukh Khan: बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता अन्नू कपूर अपने बेबाक अंदाज के लिए जाने जाते हैं। हाल ही में दिए एक इंटरव्यू में उन्होंने सुपरस्टार शाहरुख खान और हिंदी सिनेमा में स्टारडम को लेकर खुलकर अपनी राय रखी। अन्नू कपूर ने कहा कि शाहरुख खान आज दुनिया के सबसे बड़े सितारों में शामिल हैं, लेकिन लंबी पारी खेलने के मामले में अमिताभ बच्चन, लता मंगेशकर और आशा भोसले जैसी मिसाल देना आसान नहीं है।
इंटरव्यू के दौरान जब उनसे पूछा गया कि शाहरुख खान को हिंदी सिनेमा का आखिरी सुपरस्टार कहा जा रहा है, तो अन्नू कपूर ने कहा कि ऐसा दावा पहले राजेश खन्ना के दौर में भी किया जाता था। किसी कलाकार की असली पहचान उसकी लंबी और लगातार सफल पारी से होती है। उन्होंने कहा कि अमिताभ बच्चन 1969 से इंडस्ट्री में हैं और पिछले पांच दशकों से लगातार सक्रिय हैं। लता मंगेशकर और आशा भोसले ने भी दशकों तक अपने क्षेत्र में राज किया।
अन्नू कपूर ने शाहरुख खान के करियर का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने 1992 में फिल्मों में कदम रखा और अभी उनका सफर करीब 34 साल का है। उन्होंने कहा कि 50 साल से ज्यादा समय तक लगातार शीर्ष पर बने रहना किसी भी कलाकार के लिए आसान नहीं होगा। हालांकि उन्होंने यह भी माना कि दुनिया के एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री में शाहरुख खान सबसे अमीर और सबसे सफल कलाकारों में से एक हैं। इसमें कोई शक नहीं है।
जब इंटरव्यू में उनसे पूछा गया कि उन्होंने फिल्म 'डर' में शाहरुख खान के साथ काम किया था, तो अन्नू कपूर ने कहा कि उन्हें वह अनुभव याद नहीं है। उन्होंने कहा कि मैंने कभी साथ काम नहीं किया। मुझे याद भी नहीं कि उसने क्या कहा या क्या किया। उससे पूछिए कि उसे मेरे साथ काम करना याद है या नहीं, उसने कुछ सीखा या नहीं। मेरा उससे कोई लेना-देना नहीं है।
बातचीत के अंत में अन्नू कपूर ने शाहरुख खान की व्यक्तिगत जिंदगी की तारीफ भी की। उन्होंने कहा कि मैं उसे व्यक्तिगत तौर पर नहीं जानता, लेकिन इतना जरूर सुना है कि वह एक बहुत अच्छे पिता, अच्छे पति और शानदार भाई हैं। मेरे मन में उनके लिए सिर्फ शुभकामनाएं हैं। बड़े सुपरस्टार आते हैं और चले जाते हैं, लेकिन इंसानियत सबसे बड़ी चीज होती है।