

Amitabh Bachchan Numbering Mistake: बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन 83 साल की उम्र में भी सोशल मीडिया पर खासे एक्टिव रहते हैं। वे अपने रोजाना के विचारों और अपडेट्स को फैंस के साथ शेयर करने का कोई मौका नहीं छोड़ते। हालांकि, हाल ही में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर उनकी एक खास आदत को लेकर छोटी सी तकनीकी चूक हो गई। सोशल मीडिया पोस्ट्स की नंबरिंग में हुई इस गड़बड़ी को ध्यान में रखते हुए बिग बी ने दरियादिली दिखाते हुए अपने फैंस से सार्वजानिक तौर पर माफी मांग ली है। अमिताभ बच्चन के इस कदम ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि वे अपने फैंस के प्रति कितने जवाबदेह और विनम्र हैं।
अमिताभ बच्चन ने हाल ही में अपने आधिकारिक फेसबुक अकाउंट पर एक स्पेशल पोस्ट लिखा। उन्होंने अपनी पोस्ट में स्वीकार किया कि जिस तरह माइक्रोब्लॉगिंग साइट एक्स पर उनसे नंबरिंग में चूक हो रही थी, वैसी ही गलती अब फेसबुक पर भी दोहराई जा रही है। अमिताभ बच्चन ने एफबी 4756 लिखकर अपनी पोस्ट की शुरुआत की और इस भूल के लिए अपने फैंस से विनम्रतापूर्वक माफी मांगी। अमिताभ बच्चन का यह सरल और ईमानदार अंदाज उनके चाहने वालों को बेहद पसंद आ रहा है।
बिग बी की इस माफी के बाद उनके फैंस ने कमेंट सेक्शन में रिएक्शन की झड़ी लगा दी। ज्यादातर फैंस ने उनका सपोर्ट करते हुए कहा कि उन्हें इतने छोटे मुद्दे पर चिंता करने की आवश्यकता नहीं है। कई लोगों ने लिखा कि वे उनके लिए हमेशा नंबर वन रहेंगे। हालांकि, हमेशा की तरह कुछ यूजर्स ने उन पर राष्ट्रीय और समसामयिक मुद्दों पर खामोश रहने का आरोप लगाते हुए उन्हें निशाने पर भी लिया।
काम की बात करें तो अमिताभ बच्चन इस उम्र में भी लगातार काम कर रहे हैं। इन दिनों वे साउथ सुपरस्टार प्रभास की मुख्य भूमिका वाली फिल्म कल्कि 2898 एडी के सीक्वल की शूटिंग में बिजी हैं, जिसमें वे अमर अश्वत्थामा के दमदार भूमिका में नजर आएंगे।
इसके साथ ही वे छोटे पर्दे के सबसे पॉपुलर रियलिटी शो कौन बनेगा करोड़पति के 18वें सीजन को भी अपनी शानदार आवाज और शैली के साथ होस्ट कर रहे हैं। हाल ही में उन्होंने इस स्टेज को लोगों के सपने पूरे करने वाला जरिया बताया था।