

Amit Jani Death Threat: बॉलीवुड में फिल्मों को लेकर विवाद होना कोई नई बात नहीं है। लेकिन जब यह विवाद सरहद पार कर अंडरवर्ल्ड और नेशनल सिक्योरिटी से जुड़ जाए, तो मामला बेहद गंभीर हो जाता है। इन दिनों फिल्म 'काला हिरण' को लेकर एक ऐसा ही खौफनाक मोड़ सामने आया है, जिसने पूरी फिल्म इंडस्ट्री समेत सुरक्षा एजेंसियों के कान खड़े कर दिए हैं।
इस 'काला हिरण' फिल्म के निर्माण से शुरू हुआ विवाद अब सीधे तौर पर जानलेवा धमकियों तक पहुंच चुका है। इस पूरे विवाद के केंद्र में फिल्म निर्माता अमित जानी हैं। अमित जानी को एक बार फिर अपनी जान का सीधा खतरा सताने लगा है। इस बार उन्हें धमकी सीधे पड़ोसी देश पाकिस्तान से निशाना बनाया गया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार पाकिस्तान के कुख्यात गैंगस्टर शहजाद भट्टी के भाई ने अमित जानी को एक वॉइस नोट भेजा है। इस वॉइस नोट में बेहद आक्रामक और हिंसक लहजे का उपयोग किया गया है। मैसेज में साफ तौर पर कहा गया है कि फिल्म 'काला हिरण' के प्रोडक्शन को तुरंत रोक दिया जाए।
पाकिस्तानी गैंगस्टर के भाई की तरफ से फिल्म निर्माता अमित जानी को बेहद कम समय का अल्टीमेटम दिया गया है। इस धमकी भरे वॉइस नॉट में अमित जानी को अपनी फिल्म का काम बंद करने के लिए सिर्फ 24 घंटे की मोहलत मिली है।
इस अचानक मिली गंभीर धमकी के बाद प्रोड्यूसर अमित जानी ने बिल्कुल भी देर नहीं की। उन्होंने अपनी और अपने परिजनों की जान का खतरा बताते हुए सीधे गृह मंत्रालय को एक आपातकालीन पत्र भेजा है। इस पत्र के जरिए उन्होंने केंद्र सरकार से गुहार लगाई है कि उनकी और उनके परिवार की सुरक्षा को फौरन प्रभाव से बढ़ाया जाए।
इसके साथ ही अमित जानी ने दिल्ली पुलिस और उच्च अधिकारियों से भी कॉन्टेक्ट किया है। अमित जानी ने अपील की है कि इस मामले में तुरंत एफआईआर दर्ज की जाए और धमकी देने वाले सीमा पार के तत्वों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई शुरू हो।
फिल्म 'काला हिरण' केवल इस अंडरवर्ल्ड धमकी की वजह से ही चर्चा में नहीं है। बल्कि यह पहले से ही भारी कानूनी पेचीदगियों का सामना कर रही है। बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता सलमान खान ने इस फिल्म के टाइटल और इसकी स्टोरी को लेकर कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है।
सलमान खान ने कोर्ट में एक याचिका दायर कर फिल्म काला हिरण की रिलीज पर पूरी तरह से रोक लगाने की मांग की है। फिलहाल कोर्ट इस पूरे संवेदनशील मामले की बारीकी से समीक्षा कर रही है। दूसरी तरफ फिल्म के मेकर्स ने भी कोर्ट में अपना पक्ष रखा है।