‘आवारापन 2 को फ्लॉप कराने की कोशिश हो रही है’, अमाल मलिक का बड़ा दावा, बोले- पेड PR से नहीं डरता

Amaal Mallik Reaction: आवारापन 2 का गाना ‘ये आवारापन’ को मिल रहे रिस्पॉन्स के बीच संगीतकार अमाल मलिक ने बड़ा दावा किया है। उन्होंने कहा कि फिल्म और इसके म्यूजिक एल्बम के खिलाफ पेड PR चलाया जा रहा है।
awarapan 2 amaal mallik paid pr claim emraan hashmi film song
अमाल मलिक और आवारापन 2 (फोटो सोर्स-सोशल मीडिया)
Updated on

Amaal Mallik Reaction On Awarapan 2 Song: इमरान हाशमी की फिल्म ‘आवारापन 2’ रिलीज से पहले ही चर्चा में है। 14 अगस्त को सिनेमाघरों में दस्तक देने वाली इस फिल्म का पहला गाना ‘ये आवारापन’ हाल ही में रिलीज हुआ, जिसे अरिजीत सिंह ने अपनी आवाज दी है और संगीत अमाल मलिक ने तैयार किया है। गाने को दर्शकों से अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है, लेकिन इसी बीच अमाल मलिक ने सोशल मीडिया पर एक ऐसा दावा किया है, जिसने फिल्म इंडस्ट्री में नई बहस छेड़ दी है।

अमाल मलिक का कहना है कि कुछ लोग जानबूझकर ‘आवारापन 2’ और इसके म्यूजिक एल्बम के खिलाफ पेड पीआर चला रहे हैं ताकि फिल्म को नुकसान पहुंचाया जा सके। हालांकि उन्होंने किसी व्यक्ति या संस्था का नाम नहीं लिया, लेकिन उनका पोस्ट तेजी से वायरल हो रहा है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट शेयर करते हुए अमाल मलिक ने सबसे पहले उन सभी लोगों का धन्यवाद किया जिन्होंने ‘ये आवारापन’ गाने को पसंद किया।

अमाल मलिक ने कही ये बात

अमाल मलिक ने लिखा कि हर अच्छे गाने को लोगों के दिलों तक पहुंचने और अपनी जगह बनाने में थोड़ा वक्त लगता है। फिल्म इंडस्ट्री के कुछ विरोधी तत्व नहीं चाहते कि ‘आवारापन 2’ या उसका म्यूजिक एल्बम सफल हो। उनके मुताबिक, फिल्म और गानों को लेकर एक बड़ा पेड पीआर अभियान चलाया जा रहा है। अमाल ने ऐसे लोगों को सलाह देते हुए कहा कि वे अपना पैसा दूसरों की फिल्मों को नुकसान पहुंचाने में खर्च करने के बजाय अपनी आने वाली फिल्मों के लिए बचाकर रखें।

दर्शकों का प्यार सबसे बड़ी ताकत

अमाल मलिक ने अपने पोस्ट में आगे लिखा कि उन्हें पेड पीआर से कोई फर्क नहीं पड़ता, क्योंकि उन्हें हमेशा दर्शकों का प्यार मिला है। उन्होंने कहा कि जिन कलाकारों को लोगों का समर्थन मिलता है, उन्हें इस तरह की रणनीतियों से डरने की जरूरत नहीं होती। उन्होंने यह भी कहा कि आजकल हर कोई सिर्फ व्यूज और नंबरों की दौड़ में लगा हुआ है, जबकि असली पहचान मेहनत, संगीत और दर्शकों के दिलों में बसने से बनती है।

14 अगस्त को रिलीज होगी आवारापन 2

इमरान हाशमी स्टारर ‘आवारापन 2’ 14 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है। फिल्म के पहले गाने ‘ये आवारापन’ को अच्छा रिस्पॉन्स मिला है और अब दर्शकों की नजर फिल्म के ट्रेलर और रिलीज पर टिकी है। वहीं, अमाल मलिक के पेड पीआर वाले दावे ने फिल्म को लेकर सोशल मीडिया पर नई चर्चा शुरू कर दी है। अब देखना होगा कि रिलीज के बाद फिल्म और इसका म्यूजिक दर्शकों की उम्मीदों पर कितना खरा उतरता है।

Navbharat Live
navbharatlive.com