NASA का सपना छोड़ बने सुपरस्टार, हर बर्थडे पर करते हैं नेक काम; जानिए अल्लू अर्जुन की खास बातें

Allu Arjun Birthday Special: सुपरस्टार अल्लू अर्जुन 8 अप्रैल को अपना 44वां जन्मदिन मना रहे हैं। कभी NASA जाने का सपना देखने वाले एक्टर ने ‘आर्या’ से पहचान बनाई और आज करोड़ों दिलों पर राज कर रहे हैं।
Allu Arjun birthday special
अल्लू अर्जुन (फोटो-सोर्स,सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Allu Arjun Unknown Facts: साउथ सिनेमा के सुपरस्टार अल्लू अर्जुन, जिन्हें फैंस ‘पुष्पा राज’ के नाम से भी जानते हैं, आज देशभर में सबसे लोकप्रिय सितारों में गिने जाते हैं। उनकी फिल्म पुष्पा: द राइज की सफलता ने उन्हें पैन इंडिया स्टार बना दिया। 8 अप्रैल को अपना 44वां जन्मदिन मना रहे अभिनेता के जीवन से जुड़े कई ऐसे किस्से हैं, जिनके बारे में बहुत कम लोग जानते हैं।

‘आर्या’ से मिली अल्लू अर्जुन को असली पहचान

अल्लू अर्जुन ने बहुत छोटी उम्र में ही कैमरे का सामना किया था। वह महज तीन साल के थे, जब 1985 में आई फिल्म विजेता में नजर आए। इसके बाद उन्होंने स्वाति मुथ्यम में बाल कलाकार के रूप में काम किया। हालांकि बतौर लीड हीरो उनकी शुरुआत 2003 में फिल्म गंगोत्री से हुई, लेकिन उन्हें असली पहचान 2004 में रिलीज हुई आर्या से मिली। इसी फिल्म ने उन्हें रातों-रात स्टार बना दिया और उनके करियर की दिशा बदल दी।

कभी NASA में काम करने का था सपना

बहुत कम लोग जानते हैं कि अल्लू अर्जुन का सपना शुरू से अभिनेता बनने का नहीं था। उनका जन्म चेन्नई में हुआ था और बाद में उनका परिवार हैदराबाद में बस गया।

बचपन में वह कई अलग-अलग पेशों के बारे में सोचते थे। कभी वह पियानो टीचर बनना चाहते थे, तो कभी मार्शल आर्ट्स में करियर बनाने का सपना देखते थे। इतना ही नहीं, उन्होंने एक समय पर NASA में काम करने का सपना भी देखा था।

बाद में उन्होंने एनिमेशन की पढ़ाई की और कुछ समय तक विजुअल इफेक्ट्स से जुड़ा काम भी किया। लेकिन आखिरकार उन्होंने अभिनय की ओर कदम बढ़ाया और यही फैसला उनके लिए सबसे सफल साबित हुआ।

हर साल जन्मदिन पर करते हैं नेक काम

अल्लू अर्जुन अपने सामाजिक कार्यों के लिए भी जाने जाते हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, वह हर साल अपने जन्मदिन के मौके पर ब्लड डोनेशन करते हैं और अपने फैंस को भी इस नेक पहल से जुड़ने के लिए प्रेरित करते हैं।

इसके अलावा वह एक बेहतरीन डांसर होने के साथ-साथ सिंगिंग का भी शौक रखते हैं। उन्होंने फिल्म सर्रेनोडु के लिए एक गाना भी गाया था, जो दर्शकों को काफी पसंद आया।

आने वाली फिल्मों का फैंस को बेसब्री से इंतजार

वर्क फ्रंट की बात करें तो अल्लू अर्जुन के पास कई बड़े प्रोजेक्ट्स लाइनअप हैं। उनकी अपकमिंग फिल्म AA22xA6 का दर्शक बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं, जिसका निर्देशन एटली कर रहे हैं और इसमें दीपिका पादुकोण भी अहम भूमिका निभाएंगी।

इसके अलावा वह लोकेश कनगराज के साथ फिल्म AA23 में नजर आएंगे। वहीं उनकी बहुप्रतीक्षित फिल्म पुष्पा 3: द रैम्पेज भी चर्चा में बनी हुई है।

Navbharat Live
navbharatlive.com