‘वेलकम टू द जंगल’ के इवेंट में अक्षय कुमार का बड़ा बयान, बोले- मौका मिला तो भोजपुरी फिल्मों में करूंगा काम

Akshay Kumar Praises Bhojpuri Film: अक्षय कुमार ने भोजपुरी सिनेमा और संगीत की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि भोजपुरी हॉलीवुड से भी बेहतर है और मौका मिलने पर वे भोजपुरी फिल्मों में काम करना चाहेंगे।
Akshay Kumar Welcome To The Jungle Event Bhojpuri Cinema Film
अक्षय कुमार (फोटो सोर्स-सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Akshay Kumar On Bhojpuri Cinema: बॉलीवुड के ‘खिलाड़ी’ अक्षय कुमार इन दिनों अपनी मल्टीस्टारर फिल्म ‘वेलकम टू द जंगल’ को लेकर लगातार चर्चा में बने हुए हैं। हाल ही में फिल्म के नए गाने के भव्य लॉन्च इवेंट में पूरी स्टारकास्ट एक साथ नजर आई। इस दौरान सितारों ने फिल्म से जुड़े कई दिलचस्प किस्से साझा किए, लेकिन सबसे ज्यादा सुर्खियां अक्षय कुमार के उस बयान ने बटोरीं, जिसमें उन्होंने भोजपुरी सिनेमा और संगीत की जमकर तारीफ की।

इवेंट के दौरान फिल्म के नए ट्रैक की चर्चा हुई, जिसमें एक भोजपुरी गाना भी शामिल है। गाने में जैकलीन फर्नांडिस एक लाइन गाती नजर आती हैं कि भोजपुरी इज बेटर दैन हॉलीवुड। इसी संदर्भ में जब अक्षय कुमार से पूछा गया कि क्या वे भविष्य में भोजपुरी फिल्मों में काम करना चाहेंगे, तो उन्होंने बिना किसी झिझक के कहा कि बिल्कुल, क्यों नहीं? अक्षय के इस जवाब ने भोजपुरी सिनेमा के प्रशंसकों को उत्साहित कर दिया।

हॉलीवुड वाले समझ भी नहीं पाएंगे

अक्षय कुमार ने मजाकिया अंदाज में भोजपुरी संगीत की तुलना हॉलीवुड से करते हुए कहा कि मैं सच में मानता हूं कि भोजपुरी हॉलीवुड से भी बेहतर है। मैंने खुद इस गाने में यह लाइन शामिल की है, क्योंकि हॉलीवुड वाले इसे सुन भी लें तो उन्हें कुछ समझ नहीं आएगा। उन्होंने अपनी जिंदगी में ऐसा गाना कभी नहीं देखा होगा। उनके इस बयान पर कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने जमकर तालियां बजाईं और सोशल मीडिया पर भी यह टिप्पणी तेजी से वायरल हो गई।

भारतीय संस्कृति की विविधता पर जताया गर्व

अक्षय कुमार ने आगे कहा कि भारत की सबसे बड़ी ताकत उसकी सांस्कृतिक विविधता है। उन्होंने कहा कि हमारे देश में अलग-अलग भाषाएं, संगीत और संस्कृतियां हैं। हर क्षेत्र का अपना रंग और पहचान है। हमें अपनी इस खूबसूरत विरासत पर गर्व होना चाहिए। ‘वेलकम टू द जंगल’ की स्टार कास्ट पर बात करते हुए अक्षय ने कहा कि 3 इडियट्स सिर्फ तीन लोगों के साथ सुपरहिट हो गई थी, लेकिन हमारी फिल्म में 30 से ज्यादा कलाकार हैं। अब सोचिए एंटरटेनमेंट का स्तर कितना बड़ा होगा।

परेश रावल ने दिया बड़ा संकेत

इवेंट में मौजूद परेश रावल ने भी ‘हेरा फेरी’ फ्रेंचाइजी को लेकर चल रही अटकलों पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा कि जब तक हम लोग इस दुनिया में हैं, हेरा फेरी चलती रहेगी। उनके इस बयान के बाद फैंस के बीच ‘हेरा फेरी 3’ को लेकर उम्मीदें और बढ़ गई हैं।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com