

Akshay Kumar Struggle Story: आज अक्षय कुमार बॉलीवुड के सबसे सफल और लोकप्रिय सितारों में गिने जाते हैं। करोड़ों की फीस लेने वाले अक्षय ने अपने करियर में कई सुपरहिट फिल्में दी हैं, लेकिन इस मुकाम तक पहुंचने का उनका सफर बिल्कुल भी आसान नहीं था। फिल्मों में आने से पहले उन्होंने कई छोटे-बड़े काम किए और आर्थिक तंगी का भी सामना किया। उनकी जिंदगी का एक ऐसा किस्सा भी है, जब उन्होंने पूरे 18 महीने तक बिना सैलरी के काम किया था।
फिल्मी दुनिया में कदम रखने से पहले अक्षय कुमार मार्शल आर्ट्स ट्रेनर के रूप में काम करते थे। इसी दौरान किसी ने उन्हें मॉडलिंग में किस्मत आजमाने की सलाह दी। हालांकि उस समय उनके पास अपना प्रोफेशनल पोर्टफोलियो बनवाने तक के पैसे नहीं थे। ऐसे में अक्षय ने मशहूर फोटोग्राफर जयेश सेठ के साथ काम करने का फैसला किया।
अक्षय कुमार ने करीब डेढ़ साल तक उनके असिस्टेंट के तौर पर बिना किसी सैलरी के काम किया। बदले में उन्हें अपना पोर्टफोलियो तैयार कराने का मौका मिला। इसी पोर्टफोलियो की मदद से उन्होंने मॉडलिंग असाइनमेंट हासिल किए और धीरे-धीरे फिल्मों के ऑडिशन तक पहुंच गए। अक्षय कुमार ने फिल्मों में आने से पहले कई तरह के काम किए।
अक्षय कुमार ने बैंकॉक में शेफ और वेटर के रूप में काम किया। इसके अलावा कोलकाता में ट्रैवल एजेंसी और ज्वेलरी शॉप में भी नौकरी की। मार्शल आर्ट्स की ट्रेनिंग देकर भी उन्होंने अपना खर्च चलाया। उनकी मेहनत आखिरकार रंग लाई और साल 1987 में उन्हें फिल्म ‘आज’ में छोटा सा रोल मिला। इसके बाद 1991 में रिलीज हुई फिल्म ‘सौगंध’ से उन्होंने बतौर लीड एक्टर बॉलीवुड में एंट्री की।
अक्षय कुमार ने अपने तीन दशक से ज्यादा लंबे करियर में मोहरा, धड़कन, हेरा फेरी, फिर हेरा फेरी, स्पेशल 26, बेबी, केसरी, टॉयलेट: एक प्रेम कथा, गुड न्यूज और सूर्यवंशी जैसी कई सफल फिल्मों में काम किया है। इन दिनों अक्षय कुमार अपनी आगामी मल्टीस्टारर फिल्म ‘वेलकम टू द जंगल’ को लेकर सुर्खियों में हैं। अहमद खान के निर्देशन में बनी यह फिल्म 26 जून को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है।