

Akshay Kumar On Rooh Baba: साल 2022 में रिलीज हुई ‘भूल भुलैया 2’ बॉक्स ऑफिस पर बड़ी ब्लॉकबस्टर साबित हुई थी। फिल्म में कार्तिक आर्यन ने ‘रूह बाबा’ का किरदार निभाकर दर्शकों का दिल जीत लिया था। हालांकि, फिल्म की रिलीज के समय सबसे बड़ा सवाल यही था कि साल 2007 की सुपरहिट
फिल्म ‘भूल भुलैया’ के स्टार अक्षय कुमार सीक्वल का हिस्सा क्यों नहीं बने। इस मुद्दे पर लंबे समय तक अलग-अलग तरह की चर्चाएं होती रहीं।
अब निर्देशक अनीस बज्मी ने पहली बार इस पूरे मामले पर खुलकर अपनी बात रखी है और कई गलतफहमियों को दूर करने की कोशिश की है। एक इंटरव्यू में अनीस बज्मी ने कहा कि अक्षय कुमार जैसे बड़े स्टार के लिए किसी एक फिल्म का हिस्सा न बनना कोई बड़ी बात नहीं है। उन्होंने कहा कि अक्षय जी सुपरस्टार हैं। वह कोई फिल्म करें या न करें, इससे उनके करियर पर कोई फर्क नहीं पड़ता।
अनीस बज्मी ने साफ किया कि अक्षय कुमार को फिल्म में न लेने का फैसला केवल उनका नहीं था। उन्होंने कहा, "यह सिर्फ मेरा अकेले का फैसला नहीं था। परिस्थितियां ऐसी बनीं कि फिल्म किसी दूसरे कलाकार के साथ बनाई गई। हमें एक नया किरदार गढ़ना पड़ा और इसी तरह ‘रूह बाबा’ का जन्म हुआ। उन्होंने यह भी कहा कि किसी अभिनेता के साथ काम करना या न करना उनके व्यक्तिगत रिश्तों को प्रभावित नहीं करता।
अनीस बज्मी ने कार्तिक आर्यन की तारीफ करते हुए कहा कि उन्होंने ‘रूह बाबा’ के किरदार के साथ पूरा न्याय किया। निर्देशक ने कहा कि कार्तिक ने शानदार काम किया। उनकी मेहनत की वजह से फिल्म दर्शकों से जुड़ पाई और एक खूबसूरत फिल्म बनकर सामने आई। उन्होंने माना कि किसी लोकप्रिय फ्रेंचाइजी में नया चेहरा लाना आसान नहीं होता, लेकिन कार्तिक ने अपने अभिनय से दर्शकों का भरोसा जीत लिया।
शुरुआत में अक्षय कुमार की गैरमौजूदगी को लेकर फैंस के बीच नाराजगी जरूर देखने को मिली थी। हालांकि, रिलीज के बाद ‘भूल भुलैया 2’ ने शानदार प्रदर्शन किया और साल 2022 की सबसे बड़ी हिंदी फिल्मों में शामिल हो गई। फिल्म में कार्तिक आर्यन के साथ कियारा आडवाणी और तब्बू भी अहम भूमिकाओं में नजर आई थीं। फिल्म की जबरदस्त सफलता के बाद मेकर्स ने फ्रेंचाइजी को आगे बढ़ाया और ‘भूल भुलैया 3’ भी दर्शकों के सामने आई।