अजय देवगन को पहली मुलाकात पर काजोल लगी थी घमंडी, जानें कैसे शुरू हुई लव स्टोरी

Kajol Birthday Special: काजोल बॉलीवुड की चुलबुली और दमदार अदाकारा हैं। अजय देवगन से काजोल की पहली मुलाकात फिल्म हलचल के सेट पर हुई थी, जहां दोनों को एक-दूसरे का स्वभाव पसंद नहीं आया।
अजय देवगन को पहली मुलाकात पर काजोल लगी थी घमंडी, जानें कैसे शुरू हुई लव स्टोरी
काजोल (फोटो- सोशल मीडिया)
Updated on

Kajol Birthday: बॉलीवुड की चुलबुली और दमदार अदाकारा काजोल आज 51 साल की हो गई हैं। काजोल का जन्म 5 अगस्त, 1974 को मुंबई में हुआ था। काजोल आज भी दर्शकों के दिलों में राज करती हैं। चाहे रोमांटिक सीन हो या इमोशनल डायलॉग, उनकी स्क्रीन प्रेजेंस हर बार लोगों को बांध लेती है। काजोल ने अपने करियर में कई आइकॉनिक रोल निभाए हैं और खास बात यह है कि वह परदे पर सिर्फ चुलबुली लड़की ही नहीं, बल्कि एक खतरनाक विलेन भी बन चुकी हैं।

काजोल ने 16 साल की उम्र में फिल्म ‘बेखुदी’ से अपने करियर की शुरुआत की थी। इसके बाद ‘बाजीगर’ ने उन्हें रातों-रात स्टार बना दिया। शाहरुख खान के साथ उनकी जोड़ी सुपरहिट रही और ‘दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे’, ‘कुछ कुछ होता है’ और ‘कभी खुशी कभी गम’ जैसी फिल्मों ने इस जोड़ी को अमर कर दिया। लोग असल जिंदगी में भी उन्हें शाहरुख के साथ देखना चाहते थे, लेकिन काजोल का दिल किसी और के लिए धड़कता था।

अजय देवगन और काजोल की मुलाकात

अजय देवगन से उनकी पहली मुलाकात फिल्म 'हलचल' के सेट पर हुई थी। काजोल ने अजय को पहली बार देखा तो उन्हें कोने में चुप बैठे पाया और डायरेक्टर के सामने उनकी जमकर बुराई कर दी। वहीं अजय को काजोल घमंडी लगीं। एक बार तो अजय की किसी हरकत पर काजोल ने उन्हें मारने के लिए चप्पल तक उठा ली थी। काजोल को शुरुआत में अजय का नेचर बिल्कुल पसंद नहीं आता था।

नेगेटिव रोल को काफी सराहा गया

इसके बाद दोनों ने एक और फिल्म गुंडाराज की। तब काजोल को पता चला कि अजय को दूसरों से घुलने-मिलने में समय लगता है। फिल्म गुंडाराज की शूटिंग खत्म होते-होते अजय देवगन और काजोल की दोस्ती हुई। वक्त के साथ दोनों करीब आए और 1999 में शादी कर ली। आज उनके दो बच्चे हैं। काजोल ने सिर्फ रोमांटिक या कॉमिक किरदार ही नहीं निभाए, बल्कि जब वह ‘गुप्त’ में एक साइको किलर के रूप में सामने आईं तो दर्शक हैरान रह गए। इस फिल्म में उनके नेगेटिव रोल को काफी सराहा गया और यह उनकी एक्टिंग रेंज का बड़ा उदाहरण बना।

एक फिल्म के लिए इतना फीस लेती हैं एक्ट्रेस

कभी एक फिल्म की हिट मशीन कही जाने वाली काजोल आज भी फिल्मों में सक्रिय हैं। वह जो भी फिल्म करतीं वह सुपरहिट होती थी। हालांकि वह अब कम फिल्मों में नजर आती हैं। बावजूद इसके, वह एक फिल्म के लिए 4 से 5 करोड़ रुपये की फीस लेती हैं। उनकी फैन फॉलोइंग आज भी उतनी ही जबरदस्त है जितनी 90 के दशक में थी।

Navbharat Live
navbharatlive.com