

आदित्य धर ने यामी गौतम को बताया अपना लकी चार्म
बोले- यामी के जिंदगी में आने के बाद बदली किस्मत
यामी ने खोले आदित्य के मेहनत के राज, बिना सोए 70 घंटे करते थे काम
Aditya Dhar Yami Gautam Lucky Charm: साल 2026 में सबसे ज्यादा चर्चा अगर किसी फिल्म की हुई है, तो वो है धुरंधर द रिवेंज। आदित्य धर की धुरंधर सीरीज के दोनों पार्ट्स ने लगभग 3000 करोड़ की कमाई हासिल की थी।
धुरंधर के बॉक्स ऑफिस पर सुपरहिट होने के बाद से लोग आदित्य धर की पीक डिटेलिंग के भी फैन बन गए थे। हालांकि आदित्य धर अपनी इस सफलता का पूरा क्रेडिट अपनी पत्नी यामी गौतम को देते हैं। हाल ही में एक इवेंट में उन्होंने इसको लेकर बड़ी बात कही है और अपनी पत्नी की जमकर तारीफ की है।
एक मीडिया इंटरव्यू के दौरान यामी गौतम और आदित्य धर ने अपनी जिंदगी से जुड़े कुछ अहम राज खोले हैं। आदित्य धर ने धुरंधर की सक्सेस को लेकर कहा कि मुझे रातोंरात मिली शोहरत तक पहुंचने में 20 साल लग गए। ये सफर काफी उतार-चढ़ाव भरा रहा है और बहुत रोमांचक भी। मैं खुद को लकी मानता हूं कि मेरी शादी ऐसी इंसान से हुई है, जो मेरी नजर में सबसे खूबसूरत लोगों में से एक हैं। आदित्य धर आगे कहते है कि जिस दिन से यामी मेरी जिंदगी में आयी, उसी दिन से मेरी किस्मत का पन्ना पलटा। साथ ही मुझे ऐसा लगता है कि उनके लक के कारण ही मैं दुनिया को भारत की कहानी दिखा पा रहा हूं।
आदित्य धर की तारीफ के बाद यामी गौतम ने भी अपने मन की बात कही। जब यामी से सवाल किया गया कि एक फिल्ममेकर और इंसान के तौर पर आदित्य को दूसरों से अलग क्या बनाता है? तो इसके जवाब में यामी गौतम ने कहा कि आदित्य धर में ईमानदारी, अच्छे संस्कार, जुनून और मेहनत जैसी खूबियों का गजब मेलजोल है। आगे यामी गौतम ने कहा कि फिल्म इंडस्ट्री में कई बार लोगों को ऐसे एक्सपीरियंस से गुजरना पड़ता है, जो उन्हें कड़वा और नेगेटिव बना देते हैं। हालांकि आदित्य धर ने अपने साथ हुई तमाम चीजों के बाद भी अपनी अच्छाई और विनम्रता को बनाए रखा है।
यामी गौतम ने आदित्य धर के काम करने के तरीके का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि आदित्य धर कई बार बिना सोए करीब 70 घंटे तक फिल्म के सेट पर काम करते थे। उनके पास हमेशा अपने प्रोजेक्ट को लेकर एक साफ विजन होता था और उसे बेहतर बनाने के लिए वह पूरी मेहनत करते थे। यामी गौतम ने कहा कि बड़ा सपना देखने और उसे पूरा करने के लिए हिम्मत चाहिए। आदित्य में अपने विजन पर भरोसा करने और उसे हकीकत में बदलने की पूरी क्षमता है।