दर्शन थुगुदीपा अस्पताल में भर्ती, बाहर फैंस का जमावड़ा, फैन की हत्या का है एक्टर पर आरोप

रेणुका स्वामी मर्डर केस में जेल में बंद कन्नड़ एक्टर दर्शन थुगुदीपा को पीठ और पैर में गंभीर दर्द के कारण केंगेरी के बीजीएस अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस मौके पर अस्पताल के बाहर प्रशंसकों की भारी भीड़ है।
Actor Darshan Thoogudeepa admitted to BGS Hospital
Published on
Updated on

बेंगलुरु: रेणुका स्वामी की हत्या के मामले में जेल में बंद आरोपी कन्नड़ अभिनेता दर्शन थुगुदीपा को पीठ और पैर में गंभीर दर्द के कारण बेंगलुरु में केंगेरी के बीजीएस अस्पताल में भर्ती कराया गया है। शुक्रवार को अस्पताल के बाहर प्रशंसकों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। फैंस वहां दर्शन के लिए अपना समर्थन जाता रहे हैं। फैंस दर्शन का सपोर्ट कर रहे हैं।

दर्शन थुगुदीपा का इलाज कर रहे न्यूरो सर्जन डॉक्टर नवीन ने मीडिया से बात करते हुए बताया कि अभिनेता की स्थिति ठीक-ठाक है, उनके पीठ और पैर में तकलीफ है और उपचार के लिए उन्हें यहां भर्ती कराया गया है। डॉक्टर ने बताया कि उनके पैर का दर्द बढ़ गया है। दर्शन थुगुदीपा ने बाएं पैर में दर्द की शिकायत की थी। डॉक्टर नवीन ने बताया कि पीठ दर्द की जांच अभी की जाने वाली है जिसकी रिपोर्ट 48 घंटे के भीतर आ जाएगी।

डॉक्टर के मुताबिक दर्द की वजह से दर्शन के बाएं पैर में संवेदना की कमी हो गई है। रक्त परीक्षण और एमआरआई स्कैन सहित परीक्षण के बाद अधिक जानकारी मिल पाएगी,अस्पताल से मिली जानकारी के मुताबिक दर्शन कम से कम 2 दिन तक अस्पताल में ही रहेंगे। उनके अस्पताल में होने की पुष्टि भी अस्पताल की तरफ से ही की गई है।

रेणुका स्वामी मर्डर केस में जेल में बंद दर्शन थुगुदीपा को बुधवार को सर्जरी की सुविधा के लिए अंतरिम जमानत दी गई थी। इस दौरान कोर्ट ने दर्शन को अपना पासपोर्ट जमा करने का निर्देश दिया था। दर्शन थुगुदीपा पर अपने ही फैन की हत्या करने का आरोप है। पुलिस ने रेणुका स्वामी हत्या मामले में चार्जशीट दाखिल की है। आरोपपत्र में पुलिस ने बताया था कि आरोपियों ने मिलकर बड़ी ही निर्ममता से रेणुका स्वामी की हत्या की थी।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com