

3 Idiots Actor Achyut Potdar Passes Away: बॉलीवुड और मराठी सिनेमा के दिग्गज अभिनेता अच्युत पोतदार का सोमवार, 18 अगस्त 2025 को निधन हो गया। लंबे समय से स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे पोतदार ने ठाणे के जुपिटर अस्पताल में 91 साल की उम्र में अंतिम सांस ली। उनके निधन का सटीक कारण सामने नहीं आया है। लेकिन परिवार की तरफ से जानकारी सामने आई है कि उनका अंतिम संस्कार 19 अगस्त को ठाणे में किया जाएगा। उनके निधन से पूरे फिल्म जगत में शोक की लहर दौड़ गई है।
दरअसल, कम ही लोग जानते हैं कि अभिनय में करियर शुरू करने से पहले अच्युत पोतदार भारतीय सशस्त्र बलों में कार्यरत थे। इसके बाद उन्होंने इंडियन ऑयल कंपनी में भी काम किया। लेकिन अभिनय के प्रति जुनून ने उन्हें फिल्मों और टीवी की दुनिया तक पहुंचाया। 1980 के दशक में उन्होंने सिल्वर स्क्रीन पर कदम रखा और देखते ही देखते चार दशकों से भी ज्यादा का शानदार सफर तय किया।
अच्युत पोतदार ने हिंदी और मराठी सिनेमा की 125 से ज्यादा फिल्मों में काम किया। उनकी फिल्मोग्राफी में आक्रोश, अल्बर्ट पिंटो को गुस्सा क्यों आता है, अर्ध सत्य, तेजाब, परिंदा, राजू बन गया जेंटलमैन, दिलवाले, रंगीला, वास्तव, हम साथ साथ हैं, परिणीता, लगे रहो मुन्ना भाई, दबंग 2 और वेंटिलेटर जैसी यादगार फिल्में शामिल हैं।
हालांकि उन्होंने कई फिल्मों में दमदार अभिनय किया, लेकिन राजकुमार हिरानी की ब्लॉकबस्टर 3 इडियट्स में निभाया गया, उनका किरदार आज भी लोगों के दिलों में जिंदा है। उन्होंने फिल्म में एक सख्त लेकिन प्यारे प्रोफेसर की भूमिका निभाई थी। उनका डायलॉग “कहना क्या चाहते हो” सोशल मीडिया पर आज भी मीम्स और पोस्ट्स के जरिए खूब वायरल होता रहता है।
अच्युत सिर्फ फिल्मों तक ही सीमित नहीं रहे। उन्होंने टीवी इंडस्ट्री में भी एक अलग पहचान बनाई। वह वागले की दुनिया, भारत की खोज, मिसेज तेंदुलकर और माझा होशिल ना जैसे लोकप्रिय धारावाहिकों का हिस्सा रहे। उनकी बहुमुखी प्रतिभा ने उन्हें मंच, टीवी और फिल्मों के बीच सहजता से आगे बढ़ने में मदद की। हालांकि, अच्युत पोतदार के निधन की खबर से सोशल मीडिया पर शोक संदेशों की बाढ़ आ गई है। प्रशंसक और सहकर्मी उन्हें एक विनम्र और समर्पित कलाकार के रूप में याद कर रहे हैं।