जब ट्रेन की चपेट में आते-आते बचे थे आमिर खान, ‘गुलाम’ का खतरनाक स्टंट आज भी है यादगार

Aamir Khan Film Ghulam: आमिर खान की 'गुलाम' को 28 साल पूरे हो गए हैं। फिल्म का ट्रेन के सामने दौड़ने वाला खतरनाक स्टंट आज भी याद किया जाता है। शूटिंग के दौरान आमिर खान एक बड़े हादसे से बाल-बाल बचे थे।
Aamir Khan Train Stunt Ghulam 28 Years Vikram Bhatt Rani Mukerji Aati Kya Khandala
आमिर खान की गुलाम (फोटो सोर्स-सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Aamir Khan Train Stunt: बॉलीवुड के मिस्टर परफेक्शनिस्ट आमिर खान अपनी फिल्मों में किरदारों को वास्तविक बनाने के लिए किसी भी हद तक जाने के लिए जाने जाते हैं। 19 जून 1998 को रिलीज हुई उनकी सुपरहिट फिल्म ‘गुलाम’ इसका बेहतरीन उदाहरण है। फिल्म को रिलीज हुए 28 साल पूरे हो चुके हैं, लेकिन इसमें फिल्माया गया एक खतरनाक स्टंट आज भी दर्शकों के जेहन में ताजा है। इस सीन में आमिर खान तेज रफ्तार ट्रेन के सामने दौड़ते नजर आए थे और शूटिंग के दौरान वह सचमुच एक बड़े हादसे का शिकार होने से बाल-बाल बचे थे।

निर्देशक विक्रम भट्ट की फिल्म ‘गुलाम’ में आमिर खान ने सिद्धार्थ मराठे नाम के युवक का किरदार निभाया था। फिल्म में उनके साथ रानी मुखर्जी मुख्य भूमिका में थीं। कहानी एक ऐसे युवक के संघर्ष को दिखाती है, जो गलत रास्ते से निकलकर अन्याय के खिलाफ आवाज उठाता है। फिल्म को उसकी दमदार कहानी, संवाद और आमिर खान के शानदार अभिनय के लिए खूब सराहा गया था। हालांकि, फिल्म का एक स्टंट सीन सबसे ज्यादा चर्चा में रहा।

ट्रेन के सामने दौड़ने वाला खतरनाक सीन

फिल्म के एक महत्वपूर्ण दृश्य में आमिर खान को रेलवे ट्रैक पर तेज रफ्तार से आती ट्रेन के सामने दौड़ना था। उस दौर में न तो आधुनिक वीएफएक्स तकनीक का इस्तेमाल आम था और न ही ग्रीन स्क्रीन का सहारा लिया जाता था। ऐसे में इस सीन को वास्तविक तरीके से शूट किया गया। बताया जाता है कि शूटिंग के दौरान ट्रेन आमिर के बेहद करीब पहुंच गई थी। जरा सी चूक उनकी जान के लिए खतरा बन सकती थी। दिलचस्प बात यह है कि आमिर को उस जोखिम का पूरा अंदाजा तब हुआ जब उन्होंने बाद में एडिटिंग के दौरान यह दृश्य देखा।

आज भी होती है इस स्टंट की चर्चा

‘गुलाम’ का यह सीन बॉलीवुड के सबसे यादगार और साहसिक स्टंट्स में गिना जाता है। इसके अलावा फिल्म का लोकप्रिय गीत ‘आती क्या खंडाला’ भी उस दौर का बड़ा हिट साबित हुआ था। खास बात यह रही कि इस गाने को खुद आमिर खान ने अपनी आवाज दी थी। रिलीज के बाद ‘गुलाम’ बॉक्स ऑफिस पर सफल रही और आमिर खान के करियर की महत्वपूर्ण फिल्मों में शामिल हो गई। 28 साल बाद भी फिल्म और उससे जुड़ी यह दिलचस्प कहानी दर्शकों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com