

Aamir Khan Productions Once Upon A Mic: आमिर खान प्रोडक्शंस ने लोगों की अनकही कहानियों और नए कलाकारों को पहचान दिलाने की दिशा में एक नई पहल की है। प्रोडक्शन हाउस ने ‘वंस अपॉन अ माइक’ नाम के नए प्लेटफॉर्म की शुरुआत की है। इसके जरिए देशभर के आम लोगों को अपनी कहानियां, अनुभव और रचनात्मक प्रतिभा दर्शकों के सामने पेश करने का मौका मिलेगा। यह पहल ‘आमिर खान टॉकीज’ के तहत ‘कोम्यून’ के साथ मिलकर शुरू की गई है।
‘वंस अपॉन अ माइक’ एक ओपन माइक प्लेटफॉर्म है, जहां कलाकार अपनी जिंदगी के अनुभवों और विचारों को अलग-अलग रचनात्मक तरीकों से लोगों तक पहुंचा सकेंगे। आमिर खान प्रोडक्शंस का यह कदम बड़े पर्दे से आगे बढ़कर उन प्रतिभाओं को सामने लाने की कोशिश है, जिन्हें अक्सर अपनी कला दिखाने का पर्याप्त अवसर नहीं मिल पाता। इसका उद्देश्य केवल मनोरंजन करना नहीं, बल्कि आम लोगों की असली कहानियों को पहचान दिलाना भी है।
इस नए प्लेटफॉर्म की पहली परफॉर्मेंस मुंबई की रैपर सानिया MQ पेश करेंगी। वह अपनी जिंदगी के अनुभवों, अपनी दुनिया और उन बातों को रैप के जरिए सामने लाएंगी, जिन्हें अक्सर अनसुना कर दिया जाता है। उनकी प्रस्तुति इस पहल की सोच को दर्शाती है, जहां कलाकारों को अपनी पहचान और विचार खुलकर सामने रखने का अवसर मिलेगा।
आमिर खान ने सोशल मीडिया पर इस पहल की घोषणा करते हुए बताया कि यह ऐसा मंच होगा, जहां आम लोग भी अपनी कहानियां सुना सकेंगे। उन्होंने कविता, रैप, स्पोकन वर्ड और स्टोरीटेलिंग जैसी विधाओं का जिक्र करते हुए कहा कि यहां हर तरह की रचनात्मक आवाज को जगह मिलेगी।
आमिर खान प्रोडक्शंस इससे पहले भी अपनी फिल्मों के जरिए अलग-अलग तरह की कहानियां दर्शकों तक पहुंचाता रहा है। अब ‘वंस अपॉन अ माइक’ के जरिए प्रोडक्शन हाउस मेनस्ट्रीम एंटरटेनमेंट और जमीनी स्तर के कलाकारों के बीच की दूरी कम करने की कोशिश कर रहा है। यह पहल नए टैलेंट को अपनी बात कहने और अपनी कला के जरिए पहचान बनाने का अवसर दे सकती है।