सोनार बांग्ला के नए सारथी बनेंगे सुवेंदु अधिकारी, ब्रिगेड परेड ग्राउंड में आज सजेगा सत्ता का महामंच

West Bengal New CM: बंगाल में भाजपा की पहली सरकार के गठन के साथ ही 15 साल का टीएमसी शासन खत्म हो रहा है। सुवेंदु अधिकारी मुख्यमंत्री पद की शपथ लेकर इतिहास रचेंगे।
west bengal new cm
अमित शाह के साथ सुवेंदु अधिकारी, फोटो- IANS
Published on: 
Updated on: 

Suvendu Adhikari Oath Ceremony: पश्चिम बंगाल की राजनीति में कोलकाता का ऐतिहासिक ब्रिगेड परेड ग्राउंड इस वक्त एक वो गवाह बनने जा रहा है जिसका इंतजार भाजपा ने दशकों से किया है। 9 मई 2026 की तारीख बंगाल के सियासी इतिहास में दर्ज होने वाली है क्योंकि पहली बार राज्य में भाजपा सरकार की कमान सुवेंदु अधिकारी संभालने जा रहे हैं।

आयोजन की भव्यता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि कोलकाता का सबसे मशहूर मैदान अब पूरी तरह तैयार हो चुका है। शनिवार सुबह 10 बजे जब सुवेंदु अधिकारी मुख्यमंत्री के रूप में पद और गोपनीयता की शपथ लेंगे तो वहां मौजूद हजारों लोग इस ऐतिहासिक पल के साक्षी बनेंगे।

50 हजार लोगों के बैठने की व्यवस्था

भाजपा ने इस भव्य समारोह के लिए मैदान में 50 हजार से ज्यादा कुर्सियां लगाई हैं ताकि दूर-दराज से आने वाले लोग आराम से बैठ सकें। समर्थकों की मानें तो यह आयोजन केवल एक शपथ ग्रहण समारोह नहीं है बल्कि यह उस 15 साल पुराने तृणमूल कांग्रेस के किले के ढहने की औपचारिक घोषणा है जिसने बंगाल की राजनीति को लंबे समय तक अपनी गिरफ्त में रखा था।

प्रधानमंत्री और गृहमंत्री के साथ जुटेंगे देशभर के दिग्गज

इस हाई प्रोफाइल समारोह को यादगार बनाने के लिए मेहमानों की एक लंबी फेहरिस्त तैयार की गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह के साथ-साथ कई वरिष्ठ नेता इस मौके पर मौजूद रहेंगे। इनके अलावा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और एनडीए शासित राज्यों के मुख्यमंत्री और पार्टी पदाधिकारी भी शामिल होने जा रहे हैं। भाजपा ने लगभग इस कार्यक्रम के लिए 1 हजार वीवीआईपी कार्ड और गणमान्य व्यक्तियों के लिए लगभग 9 हजार इनविटेशन कार्ड भेजे हैं। यह जमावड़ा दिखाता है कि बंगाल की यह जीत दिल्ली की राजनीति के लिए कितनी अहमियत रखती है। सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं और करीब 4 हजार पुलिसकर्मियों को चप्पे-चप्पे पर तैनात किया गया है ताकि कोई कमी न रह जाए।

कलाकारों और उद्योगपतियों की भी होगी मौजूदगी

भाजपा ने इस समारोह के जरिए सोनार बांग्ला यानी स्वर्णिम बंगाल की अपनी सोच को भी पेश करने की कोशिश की है। मेहमानों की पहली बार जो लिस्ट तैयार की गई है, उसे राजनीति से इतर रखा गया है ताकि इसमें इंडस्ट्रियल और कल्चरल जुड़ाव दिखे। जाने-माने उद्योगपति संजय बुधिया और सज्जन भंजका जैसे कारोबारी नेताओं को न्योता भेजा गया है।

साथ ही कल्चरल हस्तियों में से मशहूर डांसर और एक्ट्रेस ममता शंकर, लेखकों और कलाकारों को भी आमंत्रित किया गया है। इनके अलावा कई जज और रिटायर्ड जज भी इस ऐतिहासिक कार्यक्रम का हिस्सा बनेंगे। बंगाल के प्रतिष्ठित परिवारों और अनुभवी राजनेताओं के परिवारों को न्योता भेजकर पार्टी ने एक समावेशी माहौल बनाने की पहल की है। यह पहली बार है जब किसी शपथ ग्रहण समारोह में राजनीति के साथ-साथ कला और व्यापार का ऐसा अनूठा संगम देखने को मिलेगा।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com