बंगाल चुनाव: हुमायूं कबीर को बड़ा झटका....ओवैसी के बाद अब पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष ने छोड़ा साथ; दिया इस्तीफा

Bengal Election: हुमायूं कबीर की पार्टी आम जनता उन्नयन पार्टी के बंगाल अध्यक्ष खोबायेब अमीन ने पद से इस्तीफा दे दिया है। कथित स्टिंग ऑपरेशन और राजनीतिक दबाव के चलते पार्टी के अंदर उथल-पुथल मची हुई है।
humayun-kabir-approaches-calcutta-high-court-over-video-released-by-tmc
हुमायूं कबीर (सोर्स- सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Humayun Kabir: पश्चिम बंगाल चुनाव से पहले सियासत तेज हो गई है। हुमायूं कबीर पर भारतीय जनता पार्टी के साथ हजार करोड़ रुपये की डील के आरोप लगाए गए थे। हालांकि कबीर ने इन आरोपों को फर्जी बताया था। वहीं गृह मंत्री ने भी इन आरोपों पर अपना पक्ष स्पष्ट रखा और इन्हें बेबुनियाद बताया।

इन्हीं आरोप-प्रत्यारोप के चलते ओवैसी की पार्टी एआईएमआईएम (AIMIM) ने हुमायूं कबीर के साथ गठबंधन तोड़ दिया और अब हुमायूं कबीर की पार्टी आम जनता उन्नयन पार्टी (AUJP) के बंगाल अध्यक्ष खोबायेब अमीन ने पद से इस्तीफा दे दिया है।

खोबायब अमीन ने इस्तीफे में क्या लिखा?

आम जनता उन्नयन पार्टी (AJUP) के अध्यक्ष खोबायब अमीन ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने अपने त्यागपत्र में लिखा कि पार्टी अध्यक्ष के रूप में कार्य करना उनके लिए गर्व और सम्मान की बात रही लेकिन वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए उन्होंने यह फैसला लिया है। अमीन ने कहा कि एक पीरजादा और फाउंडेशन के सचिव के तौर पर उनकी सामाजिक और धार्मिक जिम्मेदारियां लगातार बढ़ रही हैं जिन पर अब वह पूरी तरह ध्यान केंद्रित करना चाहते हैं। यही वजह है कि उन्होंने पार्टी पद से हटने का निर्णय लिया।

पार्टी के प्रति व्यक्त किया आभार

राजनीतिक सक्रियता के कारण इन जिम्मेदारियों पर असर पड़ रहा था, इसलिए उन्होंने पद छोड़ने का फैसला किया। अपने पत्र में अमीन ने पार्टी और उसके कार्यकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें अपने कार्यकाल के दौरान सभी का सहयोग मिला। उन्होंने पार्टी के उज्ज्वल भविष्य की कामना भी की और अपने साथियों के लिए शुभकामनाएं दीं।

टीएमसी ने कबीर पर लगाए यह आरोप

बता दें कि हुमायूं कबीर वही नेता हैं, जिन्होंने मुर्शिदाबाद में बाबरी मस्जिद के नाम पर मस्जिद निर्माण और उसके शिलान्यास के बयान से राजनीतिक हलचल मचा दी थी। इस बीच तृणमूल कांग्रेस ने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर उनका एक कथित वीडियो साझा किया है, जिसमें कबीर मुस्लिम समुदाय को लेकर विवादित टिप्पणी करते नजर आ रहे हैं। वीडियो में उन्हें यह कहते हुए दिखाया गया है कि 'मुसलमानों के वोटों को बांटकर बीजेपी को फायदा पहुंचाया जाएगा' और यह भी दावा किया गया है कि उन्हें बड़ी धनराशि का प्रस्ताव मिला है, जिसमें अग्रिम भुगतान भी शामिल है। हालांकि, इस वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं की गई है, इसलिए इसकी प्रामाणिकता को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com