अणुशक्ति नगर में एनसीपी बनाम एनसीपी, सना मलिक के सामने स्वरा भास्कर के पति फहद बनेंगे चुनौती?
एनसीपी बनाम एनसीपी की दिलचस्प लड़ाई अणुशक्ति नगर में देखने को मिल सकती है। यहां महायुति में शामिल एनसीपी ने अपने मौजूदा विधायक नवाब मलिक की बेटी सना मलिक को उम्मीदवार बनाया है, शरद पवार गुट फहद अहमद से होना है।
- Written By: आकाश मसने
सना मलिक व फहद अहमद (डिजाइन फोटो)
मुंबई: अणुशक्ति नगर विधानसभा चुनाव क्षेत्र दक्षिण मध्य मुंबई लोकसभा चुनाव क्षेत्र का हिस्सा है। इसी साल मई-जून में हुए लोकसभा चुनावों में दक्षिण मध्य मुंबई में महाविकास अघाड़ी में शामिल शिवसेना (यूबीटी) के उम्मीदवार अनिल देसाई ने महायुति में शामिल मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की शिवसेना के तत्कालीन सांसद राहुल शेवाले को परास्त किया था।
दक्षिण मध्य में लोकसभा में शिवसेना बनाम शिवसेना की लड़ाई के बाद अब विधानसभा चुनाव में एनसीपी बनाम एनसीपी की दिलचस्प लड़ाई अणुशक्ति नगर में देखने को मिल सकती है। यहां महायुति में शामिल एनसीपी ने अपने मौजूदा विधायक नवाब मलिक की बेटी सना मलिक को उम्मीदवार बनाया है, जिनका मुकाबला शरद पवार की राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के उम्मीदवार फहद अहमद से होना है।
फहद अहमद बॉलीवुड अभिनेत्री स्वरा भास्कर के पति हैं। इन वजहों से अणुशक्ति नगर विधानसभा सीट मुंबई की हाई प्रोफाइल विधानसभा क्षेत्रों में शामिल हो गई है। फहद अहमद इसके पहले समाजवादी पार्टी में थे। चुनाव से पहले उन्होंने शरद पवार की पार्टी ज्वाइन कर ली।
सम्बंधित ख़बरें
सुनेत्रा पवार की प्रेस कॉन्फ्रेंस में बोले धनंजय मुंडे, तो भड़के सुनील तटकरे; सार्वजनिक मंच से दे दी नसीहत
रुपाली चाकणकर की छुट्टी के बाद वैशाली नागवड़े बनीं NCP की महिला प्रदेशाध्यक्ष, सुनेत्रा पवार ने सौंपा पत्र
सुनेत्रा पवार पर टिप्पणी के विरोध में पृथ्वीराज चव्हाण का पुतला दहन, धाराशिव में शिवसेना-NCP में झड़प
Washim News: वाशिम में भाजपा का बड़ा दांव, शिंदे सेना और अजित पवार गुट के 300 से अधिक कार्यकर्ता BJP में शामिल
महाराष्ट्र की ताजा खबरें पढ़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
अनुशक्ति नगर नवाब मलिक का गढ़
अणुशक्ति नगर सीट उपमुख्यमंत्री अजित पवार की एनसीपी के मौजूदा विधायक एवं पूर्व मंत्री नवाब मलिक का गढ़ मानी जाती है। एनसीपी में अजित पवार के नेतृत्व में हुई बगावत के दौरान नवाब एक मामले में जेल में बंद थे। जेल से जमानत पर छूटने के बाद नवाब मलिक महायुति में शामिल अजित पवार गुट में शामिल हो गए।
हालांकि महायुति के अन्य घटक दल बीजेपी एवं शिवसेना ने नवाब को महायुति में लेने के अजित पवार के निर्णय का पुरजोर विरोध किया। इसलिए अपना गढ़ बचाने के लिए नवाब ने अपनी बेटी सना को अणुशक्ति नगर से अजित गुट का उम्मीदवार बनवा दिया।
नवाब मलिक को सबक सिखाने को तैयार शरद पवार
दूसरी तरफ दाऊद से संबंध जैसे संगीन आरोपों की वजह से जेल में रहने के दौरान भी एनसीपी नेता शरद पवार ने महा विकास अघाड़ी सरकार के दौरान नवाब का मंत्री पद बहाल रखा था, लेकिन जेल से छूटने के बाद नवाब अजित गुट में शामिल हो गए। इसलिए सना को गढ़ में हराकर शरद पवार, नवाब को सबक सिखाने के लिए पूरा जोर लगा रहे हैं। इसमें उन्हें उद्धव ठाकरे की शिवसेना (यूबीटी), कांग्रेस और समाजवादी पार्टी का पूरा सहयोग मिल रहा है।
ऐसा है वोटों का समीकरण
अणुशक्ति नगर सघन आबादी वाला इलाका है। 2011 की जनगणना के अनुसार, अणुशक्ति नगर विधानसभा में अनुसूचित जाति मतदाताओं की संख्या लगभग 7% है। यहां अनुसूचित जनजाति मतदाताओं की संख्या लगभग 0.5 फीसदी है। इसी तरह मुस्लिम मतदाता लगभग 34 प्रतिशत तो मराठी वोटर लगभग 31 प्रतिशत है। जबकि 27.5 फीसदी में अन्य वोटर हैं, जिनमें ज्यादातर प्रवासी उत्तर भारतीय वोटर शामिल हैं।
चुनाव से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
2024 विधानसभा के प्रमुख उम्मीदवार
| उम्मीदवार | पार्टी |
|---|---|
| सना मलिक | एनसीपी |
| फहद अहमद | एनसीपी (शरदचंद्र पवार) |
| नवीन आचार्य | मनसे |
2019 विधानसभा चुनाव की स्थिति
| उम्मीदवार | पार्टी | प्राप्त वोट |
|---|---|---|
| नवाब मलिक | एनसीपी | 65,217 |
| तुकाराम काटे | शिवसेना | 52,466 |
अनुशक्ति नगर में मतदाताओं की संख्या
- कुल वोटर- 269069
- पुरुष- 143884
- महिला- 125194
- ट्रांसजेंडर- 31
