बंगाल चुनाव: न्यायिक अधिकारियों के घेराव की घटना पर बोलीं CM ममता, AIMIM और BJP पर लगाए आरोप; कही यह बड़ी बात

Bengal Election 2026: मालदा में न्यायिक अधिकारियों के घेराव पर सीएम ममता का बयान सामने आया है। उन्होंने भाजपा और एआईएमआईएम पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
Bengal Election 2026
सीएम ममता बनर्जी (सोर्स- सोशल मीडिया)
Updated on

Mamata Banerjee: पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के माहौल के बीच मालदा जिले में न्यायिक अधिकारियों के घेराव की घटना ने सियासी ताप बढ़ा दिया है। इस मामले पर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए एआईएमआईएम और आईएसएफ को जिम्मेदार ठहराया है। इसके साथ ही ममता बनर्जी ने कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी पर भी इस घटना को उकसाने का आरोप लगाया है।

इसके अलावा मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बताया कि मालदा के मोथाबाड़ी में 1 अप्रैल 2026 को कई घंटों तक चले घेराव मामले में कथित मास्टरमाइंड को राज्य की सीआईडी ने गिरफ्तार कर लिया है।

आरोपी को भाजपा ने भाड़े पर लिया- ममता बनर्जी

सीएम ममता बनर्जी ने 3 अप्रैल को साउथ दिनाजपुर जिले के हरिरामपुर में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए आरोप लगाया कि बीजेपी ने आरोपी को एआईएमआईएम से भाड़े पर लिया और यहां लेकर आई। आईएसएफ भी उनके साथ है। इसके अलावा उन्होंने कहा कि सीआईडी ने न्यायिक अधिकारियों की घेराबंदी करने वाले मुख्य आरोपी अधिवक्ता मोफक्कारुल इस्लाम को बागडोगरा एयरपोर्ट ने गिरफ्तार किया है, जब वह भागने की कोशिश कर रहा था। इन्होंने ही मालदा के मोथाबाड़ी में हिंसा करवाई है।

एआईएमआईएम पर लगाए गंभीर आरोप

भवानीपुर सीट से टीएमसी की उम्मीदवार और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने आरोप लगाया कि चुनावी माहौल को बिगाड़ने के लिए पश्चिम बंगाल में बाहरी गुंडों को लाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह लोग न्यायिक अधिकारियों तक को निशाना बनाने से नहीं चूक रहे हैं। ममता बनर्जी ने एआईएमआईएम पर भी हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि पार्टी ने बिहार विधानसभा चुनाव में वोटों का बंटवारा कर भारतीय जनता पार्टी को फायदा पहुंचाया था।

सीएम ममता ने अमित शाह पर भी साधा निशाना

सीएम ममता बनर्जी ने इस दौरान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान अमित शाह की पश्चिम बंगाल में मौजूदगी से भाजपा के वोट प्रतिशत में गिरावट ही आएगी। दरअसल, अमित शाह ने ऐलान किया है कि वह 23 और 29 अप्रैल को होने वाले दो चरणों के विधानसभा चुनाव के दौरान करीब 15 दिन तक बंगाल में डेरा डालेंगे। इस पर ममता बनर्जी ने तंज कसते हुए कहा कि वह 365 दिन भी राज्य में रहें, तब भी इससे चुनावी नतीजों पर कोई असर नहीं पड़ेगा।

Navbharat Live
navbharatlive.com