हरियाणा में BJP के कैप्टन अभिमन्यु सबसे अमीर उम्मीदवार, जानिए किसके पास है कितनी संपत्ति

हरियाणा के पूर्व वित्त मंत्री और नारनौंद विधानसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार कैप्टन अभिमन्यु 417 करोड़ रुपए की घोषित संपत्ति के साथ पांच अक्टूबर को होने वाले विधानसभा चुनावों में सबसे अमीर उम्मीदवार हैं।
हरियाणा में BJP के कैप्टन अभिमन्यु सबसे अमीर उम्मीदवार, जानिए किसके पास है कितनी संपत्ति
Published on
Updated on

चंडीगढ़: हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए नामांकन पत्र दाखिल करने का गुरुवार को आखिरी दिन था। नामांकन पत्रों की जांच 13 सितंबर को की जाएगी और 16 सितंबर तक नामांकन वापस लिए जा सकेंगे। हरियाणा की 90 विधानसभा सीटों के लिए 5 अक्टूबर को मतदान होगा। सभी पार्टियों ने अपने-अपने उम्मीदवारों की घोषणा हो चुकी हैं। साथ ही नामांकन की प्रक्रिया भी पूरी हो चुकी है। 16 सितंबर को नामांकन वापस लेने की आखिरी तारीख है इसके बाद मैदान में कितने उम्मीदवार रहते हैं इसकी घाेषणा हो जाएगी। लेकिन उससे पहले दिलचस्प लिस्ट सामने आई है।

इस लिस्ट में उम्मीदवारों की संपत्ति की जानकारी है। इस चुनावी समर में किसके पास कितनी संपत्ति है? और कौन है सबसे अमीर उम्मीदवार, इसकी जानकारी सामने आई है। चुनाव में कौन सी पार्टी और कौन सा उम्मीदवार बाजी मारेगा ये तो 8 अक्टूबर को पता चलेगा, लेकिन अमीराें की लिस्ट में बीजेपी के कैप्टन अभिमन्यु ने बाजी मार ली हैं।

हरियाणा के पूर्व वित्त मंत्री और नारनौंद विधानसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार कैप्टन अभिमन्यु 417 करोड़ रुपए की घोषित संपत्ति के साथ पांच अक्टूबर को होने वाले विधानसभा चुनावों में सबसे अमीर उम्मीदवार हैं। चुनावी हलफनामे के अनुसार 56 वर्षीय कैप्टन अभिमन्यु ने अपनी चल संपत्ति 369.03 करोड़ रुपए और अचल संपत्ति 47.96 करोड़ रुपए घोषित की है जिसमें उनकी पत्नी की संपत्ति भी शामिल है।

हरियाणा के पूर्व वित्तमंत्री के हलफनामे के अनुसार उनके पास 1.1 लाख रुपए नकद हैं, लेकिन उन्होंने बांड, डिबेंचर और शेयरों में 251 करोड़ रुपए के निवेश की घोषणा की है। कैप्टन अभिमन्यु के पास 21.53 लाख रुपए मूल्य के सोने के आभूषण और अन्य कीमती सामान हैं।

सावित्री जिंदल के पास 270 करोड़ रुपए की संपत्ति

हिसार सीट से निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर चुनावी मैदान में उतरीं सावित्री जिंदल ने अपनी संपत्ति 270 करोड़ रुपए घोषित की है। सावित्री (76) ने अपनी चल संपत्ति 190 करोड़ और अचल संपत्ति 80 करोड़ रुपए घोषित की है। उनके हलफनामे के अनुसार उनके पास कोई कार नहीं है। वह कुरुक्षेत्र से भाजपा सांसद नवीन जिंदल की मां और प्रसिद्ध उद्योगपति दिवंगत ओ.पी. जिंदल की पत्नी हैं।

पूर्व मुख्यमंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने चुनावी हलफनामे में कुल 26.48 करोड़ रुपए की संपत्ति घोषित की है, जिसमें उनकी पत्नी की संपत्ति भी शामिल है। उनके पास कोई वाहन नहीं है, लेकिन 1.32 करोड़ रुपए मूल्य के सोने के आभूषण और 23.25 लाख रुपए मूल्य की चांदी है। इंडियन नेशनल लोकदल (आईएनएलडी) के नेता अभय सिंह चौटाला ने चुनावी हलफनामे में कुल 61 करोड़ रुपए की संपत्ति घोषित की है जिसमें उनकी पत्नी की संपत्ति भी शामिल है।

जननायक जनता पार्टी के नेता और हरियाणा के पूर्व उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला के पास कुल 82.08 करोड़ रुपए की संपत्ति है, जिसमें उनकी पत्नी की संपत्ति भी शामिल है। हरियाणा की 90 विधानसभा सीट के लिए पांच अक्टूबर को मतदान होगा और मतों की गिनती 8 अक्टूबर को होगी।

(एजेंसी इनपुट के साथ)

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com