'जेल के ताले टूट गए, केजरीवाल छूट गए', तिहाड़ से रिहाई के बाद दिल्ली CM का शक्ति प्रदर्शन

तिहाड़ जेल से बाहर निकलने के बाद केजरीवाल ने शक्ति प्रदर्शन करते हुए रोड शो किया। उन्होंने कहा कि ‘‘जेल मुझे कमजोर नहीं कर सकती। राष्ट्र विरोधी ताकतों के खिलाफ लड़ाई जारी रखूंगा।''
AAP नेता मनीष सिसोदिया ने BJP पर लगाया आरोप, पदयात्रा में केजरीवाल पर हमले की कोशिश
अरविंद केजरीवाल (सोर्स-सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

नई दिल्ली: दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को आबकारी नीति ‘घोटाला' मामले में उच्चतम न्यायालय द्वारा जमानत दिए जाने के कुछ घंटे बाद शुक्रवार शाम को तिहाड़ जेल से रिहा कर दिया गया। जेल से बाहर निकलने के बाद केजरीवाल ने शक्ति प्रदर्शन करते हुए रोड शो किया। उन्होंने कहा कि ‘‘जेल मुझे कमजोर नहीं कर सकती। राष्ट्र विरोधी ताकतों के खिलाफ लड़ाई जारी रखूंगा।''

जेल से बाहर आने के बाद अपने समर्थकों का आभार जताते हुए कहा कि ‘‘जेल मुझे कमजोर नहीं कर सकती।'' जेल से बाहर निकलने के बाद रोड शो के दौरान केजरीवाल ने उपस्थित कार्यकर्ताओं और समर्थकों को संबोधित करते हुए कहा कि ‘‘मैं उन लोगों का शुक्रिया अदा करना चाहता हूं, जिन्होंने मेरी रिहाई के लिए प्रार्थना की।''

केजरीवाल ने कहा कि ‘‘मेरे खून का एक-एक कतरा देश के लिए समर्पित है, मैंने मुश्किलों का सामना किया, लेकिन भगवान ने हमेशा मेरा साथ दिया।'' साथ ही उन्होंने कहा कि  ‘‘मेरा हौसला तोड़ने के लिए उन्होंने मुझे जेल में डाला, लेकिन मेरा हौसला पहले से कहीं अधिक है, जेल मुझे कमजोर नहीं कर सकती। ‘‘हमारे देश को कमजोर कर रही राष्ट्र विरोधी ताकतों के खिलाफ लड़ाई जारी रखूंगा।''

कार्यकर्ताओं ने लगाए नारे

इससे पहले केजरीवाल जब तिहाड़ से बाहर आए तो पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान और दिल्ली के पूर्व उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया समेत आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता और सैकड़ों कार्यकर्ता उनका जेल के बाहर इंतजार कर रहे थे। बारिश के बीच एक ट्रक के ऊपर खड़े मान, सिसोदिया और अन्य आप नेता नारे भी लगा रहे थे। इस दौरान ‘जेल के ताले टूट गए, केजरीवाल छूट गए', ‘भ्रष्टाचार का एक ही काल, केजरीवाल, केजरीवाल' जैसे नारे लगाए गए। केजरीवाल एक कार में तिहाड़ जेल से बाहर निकले और उनके साथ उनका सुरक्षा घेरा था।

शीर्ष अदालत ने दी जमानत

केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने 26 जून को आप संयोजक को गिरफ्तार किया था। उन्होंने भ्रष्टाचार के मामले में अपनी गिरफ्तारी को बरकरार रखने के दिल्ली उच्च न्यायालय के पांच अगस्त के आदेश को शीर्ष अदालत में चुनौती दी थी। शीर्ष अदालत ने 12 जुलाई को केजरीवाल को कथित दिल्ली आबकारी नीति घोटाले से जुड़े धन शोधन मामले में अंतरिम जमानत दे दी थी। उच्चतम न्यायालय ने शुक्रवार को उन्हें जमानत प्रदान की।

(एजेंसी इनपुट के साथ)

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com